विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी से 15 दिन पहले हादसे में युवक की मृत्यु, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम; इगलास में लोगों ने तहसील में किया हंगामा

By Yogesh Kaushik Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 16 Jun 2026 07:21 PM (IST)

इगलास के रामपुर कनैटपुर में शादी से पहले सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। बेटे की मौत के ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. बेटे की मौत के सदमे में पिता ने भी दम तोड़ा।

  2. ग्रामीणों ने तहसील में पुलिस कार्रवाई पर किया हंगामा।

संवाद सूत्र, इगलास (अलीगढ़)। गोरई थाना क्षेत्र के गांव रामपुर कनैटपुर में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार को उजाड़ दिया। शादी की तैयारियों के बीच सड़क दुर्घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। बेटे की मौत का सदमा उसके पिता सहन नहीं कर सके और अगले ही दिन उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पिता-पुत्र की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर इगलास तहसील पर हंगामा किया। गांव निवासी 22 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र प्रेमपाल की शादी 27 जून को होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। 12 जून को पुष्पेंद्र अपने तयेरे भाई अंकित के साथ खैर क्षेत्र में बुआ के घर शादी के निमंत्रण पत्र देने गया था। देर शाम दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे।

गौंडा थाना क्षेत्र में इगलास रोड पर गांव मुरवार के निकट सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया था। पिता ने अज्ञात कार चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उपचार के दौरान सोमवार को पुष्पेंद्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

बेटे की मृत्यु से पिता प्रेमपाल गहरे सदमे में थे। मंगलवार सुबह उनकी भी मृत्यु हो गई। इसके बाद आक्रोशित स्वजन, रिश्तेदार और ग्रामीण प्रेमपाल के शव को लेकर तहसील पहुंच गए और हंगामा करते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कार सवार युवक गांव के ही हैं। पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने जानबूझकर बाइक में टक्कर मारकर घटना को अंजाम दिया।

आरोप था कि गौंडा पुलिस आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। सूचना पर इगलास इंस्पेक्टर डीके सिसोदिया तहसील पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत किया। निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। स्वजन ने प्रेमपाल के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।

सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।