चलती बस में झटका लगा और चल गई गोली, सिक्योरिटी गार्ड की अपनी ही बंदूक से मौत; अलीगढ़ में सिपाही और यात्री हुए घायल
दिल्ली-कानपुर हाईवे पर चलती रोडवेज बस में एक सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक से अचानक गोली चलने से उसकी मौत हो ...और पढ़ें

इस रोडवेज में गोली चलने से हादसा हुआ, दूसरे चित्र में पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड के परिजन।
संवाद सूत्र, गभाना (अलीगढ़)। दिल्ली-कानपुर हाईवे पर गुरुवार दोपहर में चलती रोडवेज बस में एक सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक से अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोली सिक्योरिटी गार्ड के कंधे के नीचे सीने में जा धंसी। जिससे सिक्योरिटी गार्ड की मृत्यु हो गई। बस चालक की जानकारी पर पुलिसकर्मी सिक्योरिटी गार्ड को बस नीचे उतराने लगे।
इसी बीच फिर से अचानक से बंदूक से गोली चल गई। जिससे वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी व एक यात्री पैरों में छर्रा लगने से घायल हो गए। जिन्हें उपचार को जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
गुरुवार को दोपहर में मैनपुरी डिपो बस मैनपुरी से सवारियों को लेकर दिल्ली के लिए जा रही थी। बस में कासगंज के थाना सिढपुरा के गांव दामरी निवासी विनोद यादव पुत्र श्यौदान सिंह व उनके पड़ौस के साथी राकेश समेत कुल 30 सवारियां मौजूद थी। विनोद व राकेश पर बंदूकें मौजूद थी। बताया जा रहा है कि दोनों गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे।
इसी बीच हाईवे पर गांव पला सल्लू के पास अचानक से विनोद के पास बंदूक से एक गोली चल गई। बंदूक का मुंह ऊपर की तरफ होने से गोली सीधी कंधे के नीचे सीने जा धंसी। गोली चलते ही बस में अफरा-तफरी व चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान चालक ओंमकार ने पैराई चौकी पर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी दी। जबकि बस में मौजूद यात्री नीचे उतर गए, एक यात्री अंदर ही रह गया।
जानकारी पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल विनोद को बस से नीचे उतारने लगे इसी बीच बंदूक से अचानक एक और गोली चल गई। जिसके छर्रे चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार व एटा के मलावन के गांव नूरपुर निवासी यात्री राजन उर्फ बृजेश के पैरों में लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने आर्म मोहर्रिर को बुलाकर बंदूक से कारतूस बाहर निकलवाने के साथ ही तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने 45 वर्षीय विनोद को मृत घोषित कर दिया। जबकि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जेएन मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। उधर घटना के तुंरत बाद चालक अन्य सवारियों को बस में लेकर दिल्ली के लिए चला गया।
हादसे की सूचना पाकर स्वजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि आकस्मिक गोली चलने से सिक्योरिटी गार्ड की मृत्यु हुई है। सिक्योरिटी गार्ड व उसके साथी की बंदूकों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जबकि घटना में घायल पुलिसकर्मी व यात्री की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बस में झटके लगने से अचानक ट्रिगर दबने से चली गोली
पुलिस के अनुसार सिक्योरिटी गार्ड के पास रिपीटर सेमी ऑटोमैटिक बंदूक थीं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि विनोद की बंदूक लोड थी और वह उसे अपनी गोद में रखकर बैठा था। रास्ते में बस के झटके लगने के दौरान किसी तरह उसका हाथ ट्रिगर पर चला गया, जिससे अचानक गोली चल गई और यह हादसा हो गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
