अलीगढ़ में आरएसएस प्रचारक पर हमला, कार्यालय में मारपीट और जान से मारने की धमकी
अलीगढ़ के छर्रा स्थित आरएसएस कार्यालय पर नगर प्रचारक शिव कुमार के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी ...और पढ़ें
-1779542771904_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
आरएसएस प्रचारक शिव कुमार पर हमला हुआ।
बच्चों को पत्ते तोड़ने से रोकने पर मारपीट।
संवाद सूत्र, छर्रा (अलीगढ़)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर तैनात नगर प्रचारक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आरएसएस कार्यालय पर नगर प्रचारक के रूप में कार्यरत शिव कुमार अपनी ड्यूटी पर थे। घटना शनिवार की शाम लगभग 6 बजे की है। बताया गया है कि कार्यालय परिसर में कुछ बच्चे दीवार पर चढ़कर पत्ते तोड़ रहे थे। गिरने के डर से शिव कुमार ने बच्चों को सावधानी बरतने और पत्ते न तोड़ने के लिए कहा।
आरोप है कि इस घटना के लगभग 30 मिनट बाद चार लोग कार्यालय पहुंचे, जिनमें शाहिल पुत्र शमशाद और शाहिद पुत्र शमशाद निवासी गुलावी बाग शामिल थे। इन लोगों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और शिव कुमार के साथ मारपीट की। हमलावरों ने धमकी दी कि यह हमारा इलाका है, तू बच्चों को पत्ते तोड़ने से क्यों रोक रहा है?
आज तुझे जान से खत्म कर देंगे। शोर मचाने पर आसपास के कुछ लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में नगर कार्यवाह अतुल शर्मा ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए हमलावरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर घटना की जांच की जा रही है।
