विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीराधा रानी टाउनशिप के नाम पर करोड़ों की ठगी, अलीगढ़ फर्जी साइट दिखाकर निवेशकों से धोखाधड़ी

By Ajit Kumar Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 17 Aug 2026 07:49 PM (IST)

अलीगढ़ में 'श्री राधा रानी टाउनशिप' के नाम पर हजारों निवेशकों से करोड़ों की ठगी का बड़ा मामला सामने आया ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. फर्जी कंपनी ने 5000 निवेशकों को गेहूं के खेत बेचे।

  2. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी विष्णु शर्मा की जांच शुरू की।

संवाद सूत्र, जट्टारी (अलीगढ़)। टप्पल क्षेत्र स्थित 'श्री राधा रानी टाउनशिप' के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का बड़ा मामला सामने आया है। फर्जी कंपनी बनाकर और मौके पर गेहूं की फसल खड़ी जमीन को प्लाट बताकर लगभग पांच हज़ार निवेशकों से धोखाधड़ी की गई है।

इस संबंध में पीड़ित निवेशक अमित कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

पीड़ित अमित कुमार पुत्र राजपाल सिंह, निवासी वसुंधरा एन्क्लेव, ईस्ट दिल्ली द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में बताया कि पीड़ित ने 'श्री श्याम राधिका होम जोन प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा' के मालिक विष्णु शर्मा निवासी दहेलियापुठ, थाना जसरथपुर, एटा के जरिए खैर, अलीगढ़ स्थित 'श्री राधा रानी टाउनशिप' में 100 वर्ग गज का प्लाट (नंबर C-4) दिनांक 23 फरवरी 2025 को बुक किया था

इसके एवज में कंपनी को कुल 10,07,100/- रुपये (दस लाख सात हजार एक सौ रुपये) का भुगतान किया गया, जिसकी रसीदें भी मौजूद हैं। जब पीड़ित एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी बैनामा न होने पर खुद मौके (श्री राधा रानी टाउनशिप साइट) पर पहुंचे, तो वहां प्लाट की बजाय खेत में गेहूं की फसल खड़ी मिली।

मौके पर मौजूद किसान ने स्पष्ट किया कि यह भूमि उसकी है और उसने किसी भी कंपनी को अपनी जमीन नहीं बेची है। इसके बाद जब पीड़ित नोएडा स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे, तो वह भी बंद मिला और फोन कॉल रिसीव करना बंद कर दिया गया। जांच करने पर पता चला कि कंपनी द्वारा दी गई भुगतान रसीदें पूरी तरह कूटरचित हैं, जिन पर कोई मोबाइल नंबर या जीएसटी नंबर तक अंकित नहीं है।

शिकायत में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी विष्णु शर्मा और उसका संगठित गिरोह अकेले पीड़ित के साथ ही नहीं, बल्कि करीब पाँच हजार अन्य निवेशकों से भी फर्जी कंपनियां बनाकर और फर्जी साइट दिखाकर करोड़ों रुपये ठग चुका है। जनता की खून-पसीने की कमाई को हड़पने वाले इस गिरोह के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है।

पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि थाना टप्पल जनपद अलीगढ़ पुलिस को तत्काल निर्देश देकर आरोपी विष्णु शर्मा और उसके साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाए और उनके विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

ताकि अन्य निवेशकों के हितों की रक्षा हो सके। टप्पल थाना पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रहीं है।