विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलिस का सायरन बजाने से विवाद, अलीगढ़ में जमकर मारपीट और पथराव

By Santosh Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 21 Oct 2026 11:39 AM (IST)

अलीगढ़ के सासनी गेट क्षेत्र में मोबाइल पर पुलिस सायरन वाली रील चलाने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट और ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सासनी गेट क्षेत्र के दुर्गापुरी स्थित वाल्मीकि बस्ती में मोबाइल पर पुलिस के सायरन की आवाज वाली रील को चलाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और पथराव का रूप ले लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपितों दिनेश और बंदी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि किशोर से मारपीट के बाद शिकायत करने पहुंचे स्वजन के साथ भी अभद्रता की गई।

इसके बाद आरोपितों ने करीब 20 लोगों के साथ घर तक पहुंचकर पथराव किया। लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस को दी तहरीर में सुनील की पत्नी नीतू ने बताया कि 18 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे उनका बेटा लकी पास के चौराहे पर दुकान से सामान लेने गया था। वह मोबाइल पर रील देख रहा था।

इसी दौरान पुलिस के सायरन वाली रील चलने पर महेश, देवा, निर्मल, किशन और अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि सायरन बजाकर डराने की बात कहकर गाली-गलौच करते हुए मारपीट की गई। लकी घर पहुंचा और स्वजन को जानकारी दी। नीतू के अनुसार, वह पति सुनील और बेटे के साथ शिकायत करने आरोपितों के पास पहुंची, तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई।

इसके बाद महेश, किशन, देवा, निर्मल, शिवम और हिमांशु समेत अन्य लोग उनके घर आए और पथराव शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए वे विमला के घर में घुस गए। लेकिन आरोपित वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि विमला और उनकी बेटी काजल के साथ मारपीट की गई। घटना में दोनों घायल हो गईं।