विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़: हूटर बजाकर थार चालक काट रहा था रौला, पुलिस ने दो मिनट में सिखा दिया सबक

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 17 Sep 2026 09:49 AM (IST)

एक थार चालक को अनाधिकृत हूटर-सायरन बजाकर रौला काटना महंगा पड़ा, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद अलीगढ़ पुलिस ने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। काले रंग की थार। उस पर शीशे भी काले। अनाधिकृत हूटर और सायरन बजाकर सड़कों पर रौला काट रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस भी हरकत में आ गई। सिविल लाइंस पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वाहन की पहचान कर 12 हजार रुपये का ई-चालान किया और उसे सीज कर दिया।

वाहन में लगा अनाधिकृत हूटर-सायरन भी हटवा दिया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करना वाहन चालक को भारी पड़ गया। पुलिस ने जब पकड़ा तो सारी हेकड़ी दो मिनट में दूर हो गई। इसके बाद चालक माफी भी मांगता रहा

पुलिस के अनुसार, प्रसारित वीडियो में सार्वजनिक मार्ग पर महिंद्रा थार रॉक्स (पंजीकरण संख्या यूपी81 डीएक्स 0101) का चालक अनधिकृत रूप से हूटर-सायरन का प्रयोग करता दिखाई दे रहा था। पुलिस ने वाहन की पहचान कर संबंधित स्वामी/चालक के विरुद्ध कार्रवाई की।

यातायात नियमों के उल्लंघन और अनधिकृत हूटर-सायरन के प्रयोग पर 12 हजार रुपये का ई-चालान किया गया। अलीगढ़ पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों में अनधिकृत रूप से हूटर या सायरन का प्रयोग नहीं करने की अपील की है।