विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नंगे पैर थाने पहुंचे बच्चों को इंस्पेक्टर ने पहनवाईं चप्पलें, अलीगढ़ की खैर कोतवाली में आया अजब मामला

By Anil Goyal Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 01 Oct 2026 09:08 PM (IST)

खैर कोतवाली में तीन बुजुर्ग महिलाएं अपने छह नंगे पैर नाती-पोतों के साथ न्याय मांगने पहुंचीं। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

HighLights

  1. इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बच्चों के लिए चप्पलों का बंदोबस्त किया।

  2. पुलिस ने परिवार विवाद सुलझाने और बहुओं को वापस लाने का आश्वासन दिया।

संवाद सूत्र, खैर (अलीगढ़)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से एक बेहद भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कुछ बुजुर्ग महिलाएं अपने छह छोटे-छोटे नाती पोतों को लेकर न्याय की गुहार लगाने सीधे खैर कोतवाली पहुंच गईं। सभी बच्चे नंगे पैर आए थे। यह देख पहले तो इंस्पेक्टर ने उनके लिए चप्पलों का बंदोबस्त कराया, उसके बाद पीड़ा दूर करने का भरोसा दिया। 

गांव नगला बीधा में रहने वाली तीन बुजुर्ग महिलाओं में सास शारदा देवी, चचिया सास केला देवी और एक अन्य बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनके परिवार में पहले से ही कुछ विवाद चल रहा था। तीनों महिलाऐं पशुओं के लिए खेत पर चारा लेने गई थीं, तभी पीछे से उनकी दोनों बहुओं के मायके वाले आए और उन्हें अपने साथ ले गए।

जब बुजुर्ग महिलाएं चारा लेकर घर लौटीं, तो बहुओं को न पाकर और बच्चों को भूखे प्यासे रोते देख हैरान रह गईं। काफी खोजबीन के बाद जब पता चला कि मायके वाले बहुओं को ले गए हैं तो इन बुजुर्ग महिलाओं ने बच्चों को संभाल न पाने की लाचारी में खैर कोतवाली का रुख किया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने तीनों वृद्ध महिलाओं की समस्या सुनी तो उनका दिल पसीज गया।

उन्होंने देखा कि साथ आए छह मासूम बच्चों के पैरों में चप्पल तक नहीं थी और वे नंगे पैर थाने पहुंचे थे। इस दृश्य को देखकर इंस्पेक्टर ने तुरंत अपनी जेब से रूपये निकाले और बच्चों को चप्पल खरीदने के लिए दिए। उन्होंने पहले बच्चों के पैरों में चप्पल पहनाने की बात कही और उसके बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया।

इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने तीनों महिलाओं को आश्वासन दिया कि उनकी बहुओं को सकुशल वापस लाने का प्रयास किया जाएगा और पूरे मामले में उचित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता कराया जाएगा।

कोतवाली में मौजूद लोगों ने बताया कि अक्सर पुलिस पर कई तरह के आरोप लगते हैं, लेकिन इस तरह इंसानियत की मिसाल पेश करने पर क्षेत्र में खैर पुलिस की जमकर सराहना हो रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।