अलीगढ़ में रहेगी भारी वाहनों की नो-एंट्री, गणेश प्रतिमा विसर्जन पर आठ स्थानों पर डायवर्जन
अलीगढ़ में गणेश प्रतिमा विसर्जन के कारण यातायात पुलिस ने भारी वाहनों और बसों के शहर में प्रवेश पर रोक ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
शहर में भारी वाहनों और बसों का प्रवेश प्रतिबंधित।
सुबह 5 बजे से विसर्जन समाप्ति तक रहेगी व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। गणेश चतुर्थी महोत्सव के तहत शुक्रवार को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में भारी वाहनों और बसों के प्रवेश पर रोक लगाते हुए डायवर्जन प्लान जारी किया है। सुबह पांच बजे से विसर्जन कार्यक्रम समाप्त होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।
मुख्य रूप से रामघाट रोड से हरदुआगंज नहर और राजघाट की ओर प्रतिमाएं ले जाने के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अतरौली की ओर से रामघाट रोड होकर अलीगढ़ आने वाले भारी वाहन, रोडवेज व निजी बसों को अवंतीबाई चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा।
गंगीरी और छर्रा की ओर से आने वाले वाहनों को छर्रा चौराहे से तथा डिबाई-छतारी की ओर से आने वाले वाहनों को छतारी मोड़ से वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। महेशपुर तिराहे से क्वार्सी चौराहे की ओर भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।
दिल्ली, खुर्जा, गभाना, कानपुर और एटा की ओर से आने वाले भारी वाहन एवं निजी बसें भांकरी, महरावल कट, खैरेश्वर चौराहा, आगरा चेंजर, मथुरा चेंजर और बोनेर तिराहा से शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। इन्हें जीटी रोड हाईवे बाईपास से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
सारसौल चौराहे से शहर की ओर भारी वाहन और रोडवेज बसें नहीं आ सकेंगी। वहीं मथुरा-इगलास की ओर से आने वाले वाहनों को मथुरा चेंजर और आगरा की ओर से आने वाले वाहनों को आगरा चेंजर से हाईवे बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।
