बिहार में भी जिन्ना को लेकर आक्रामक हैं अलीगढ़ के सांसद
एएमयू में जिन्ना की तस्वीर के खिलाफ मुखर होकर दहाड़ने वाले अलीगढ़ के सांसद सतीश कुमार गौतम इस समय बिहार चुनाव में अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। सांसद सतीश कुमार गौतम काे बिहार के समस्तीपुर जिले की मोहद्दीन नगर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
अलीगढ़, जेएनएन। एएमयू में जिन्ना की तस्वीर के खिलाफ मुखर होकर दहाड़ने वाले अलीगढ़ के सांसद सतीश कुमार गौतम इस समय बिहार चुनाव में अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। सांसद सतीश कुमार गौतम काे बिहार के समस्तीपुर जिले की मोहद्दीन नगर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। सांसद वहां भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।
जिन्ना को लेकर सांसद ने कहा था यह सब
दरअसल, एएमयू में बिहार के काफी छात्र पढ़ते हैं। एएमयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मशकूर उस्मानी कांग्रेस से मैदान में ताल ठोंक रहे हैं, वो बिहार के जाले विधानसभा क्षेत्र से अपनी दावेदारी कर रहे हैं। सांसद सतीश कुमार गौतम ने एएमयू में जिन्ना की तस्वीर को लेकर विरोध जताया था। तीन साल पहले सांसद ने कहा था कि देश को बांटने वाले जिन्ना को हम कतई बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। जिन्ना पाकिस्तान चले गए थे, वहीं पर उनकी तस्वीर होनी चाहिए। उस समय छात्रसंघ अध्यक्ष रहे मशकूर उस्मानी ने जिन्ना की तस्वीर की पैरवी की थी। उन्होंने कहा था कि जिन्ना के नाम से देश में कई चीजें हैं, सांसद कहां-कहां उसे हटवाएंगे। मशकूर ने चेतावनी दे दी थी कि किसी भी सूरत में वह जिन्ना की तस्वीर हटने नहीं देंगे। इस पर सांसद सतीश कुमार गौतम तल्ख हुए थे। पूरे देश में इसकी गूंज हुई थी और महीनों यह मामला मीडिया की सुर्खियां बना रहा। माना जा रहा है कि सांसद बिहार की तासीर को अच्छी तरह से जानते हैं। उन्हें पता है कि बिहर से एएमयू में हजारों की संख्या में छात्र पढ़ने आते हैं। छात्र के तेवर और उनके नब्ज को सांसद अच्छी तरह टटोल चुके हैं।
लॉकडाउन में भी की राजनीति
सांसद ने कहा कि लॉकडाउन में भाजपा ने गरीब, मजबूरों की मदद की। उन्हें राशन पहुंचाने का काम किया। पार्टी ने सामान्य रुप से राशन और खाद्य सामग्री वितरण कराया। इसमें किसी तरह से कोई भेदभाव नहीं किया गया, जबकि अन्य दल आपदा के समय में भी सियासत करते रहे हैं।