अलीगढ़: काली नदी किनारे फैक्ट्रियों से फसलें बर्बाद, ग्रामीणों की सेहत को भी खतरा
अलीगढ़ के भगोसा गांव में काली नदी किनारे की फैक्ट्रियों से निकलने वाले जहरीले पानी और गैस से फसलें बर्बाद ...और पढ़ें

अलीगढ़ में डीएम को ज्ञापन सौंपते भाकियू पदाधिकारी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अकराबाद ब्लाक के भगोसा गांव में काली नदी किनारे संचालित फैक्ट्रियां किसानों व ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई हैं। भारतीय मजदूर किसान यूनियन बुधवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर आरोप लगाया है कि फैक्ट्रियों से निकलने वाले जहरीले पानी और गैस से खेतों की फसलें बर्बाद हो रही हैं।
प्रदूषण के चलते खेत बंजर हो रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। बच्चों और महिलाओं की सेहत पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। यूनियन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में एसीएम द्वितीय को ज्ञापन सौंपकर फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आरोप है कि काली नदी किनारे अवैध रूप से संचालित फैक्ट्रियों से निकलने वाला दूषित पानी खेतों में पहुंच रहा है। इससे किसानों की फसलें खराब हो रही हैं। जहरीली गैस के कारण आसपास के ग्रामीणों का जीवन भी प्रभावित हो रहा है। किसानों को फसल बर्बाद होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
चार मांगें उठाकर कार्रवाई की मांग
यूनियन ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध फैक्ट्रियों को तत्काल बंद कराकर संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, उन्हें जल्द मुआवजा दिलाया जाए। इसके अलावा ग्रामीणों की आवागमन की समस्या दूर करने के लिए काली नदी पर पुल का निर्माण कराया जाए।
गांव में प्राथमिक चिकित्सालय बनवाने की मांग भी की गई है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में प्रशासन से ग्रामीणों को प्रदूषण से निजात दिलाने और किसानों को राहत देने की मांग की गई है।
