अलीगढ़ के आलमबाग में छाया गंदगी का आलम
वार्ड 35 भमौला में आलमबाग में सफाई व्यवस्था खराब है। डस्टबिन रखे हुए हैं लेकिन कूड़ा बाहर पड़ा हुआ है। नालियों की सफाई न होने से अटी पड़ी हैं।
अलीगढ़ (जेएनएन)। वार्ड 35 भमौला में आलमबाग में सफाई व्यवस्था खराब है। डस्टबिन रखे हुए हैं लेकिन कूड़ा बाहर पड़ा हुआ है। नालियों की सफाई न होने से अटी पड़ी हैं। यहां पर एएमयू के कर्मचारी के अलावा अन्य लोग भी रहते हैं।
ये है यहां मौजूदा हाल
भमौला में एएमयू के स्टाफ क्र्वाटर बने हुए है। इन्हीं आवासों में होकर रास्ता आलमबाग को जाता है। इस रास्ते के सहारे कूड़े के ढेर दिखाई देते हैं। स्ट्रीट लाइट भी आए दिन खराब हो जाती हैं। पानी निकासी ढंग से न होने के कारण गंदा पानी इधर-उधर बहता है। इससे मच्छर भी अधिक हो गए हैं। बारिश के दिनों में तो हालात और खराब हो जाते हैं।
पब्लिक बोल
कई साल से है गंदगी की समस्या
आलमबाग में रहने वाले मुनीर खलील बताते हैं कि नालियों की सफाई ठीक ढंग से नहीं हो रही है। कूड़ा उठाने वाले भी समय पर नहीं आते है। यहीं के डॉ फारुकी ने बताया कि यहां कई सालों से सफाई की समस्या हैं। स्ट्रीट लाइट भी आए दिन खराब हो जाती है। शमशाद अली ने बताया कि गंदा पानी इधर-उधर बहने से गंदगी रहती हैं। मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है। रहना मुश्किल हो जाता है। इरशाद अली का कहना है कि कई बार समस्याओं को बताने के बावजूद कोई हल नहीं निकला है। अफसर भी नहीं सुन रहे।
आधे कर्मचारी आते हैं डयूटी पर
पार्षद मोहम्मद शाकिर का कहना है कि मेरे वार्ड पानी की निकासी की समस्या पुरानी है। 18 सफाई कर्मचारी में नौ ही आते हैं। कूड़े और नालियों की सफाई के लिए कई बार अधिकारियों से कह चुके हैं।