विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़ में डंपर ने बाइक सवार को रौंदा, एक की मौत; गुस्साई भीड़ ने पुलिस के सामने फूंका वाहन

By Yogesh Kaushik Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 30 Sep 2026 08:09 PM (GMT+05:30)

अलीगढ़ के इगलास में हाथरस मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, इगलास (अलीगढ़)। हाथरस मार्ग पर बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में कोहराम मचा दिया। गंगा स्नान के लिए जा रहे बाइक सवार दो युवकों को एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में लगे एक तेज रफ्तार डंपर (ट्राला) ने रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा साथी जिंदगी और मौत से जूझ रहा हैं। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।

उग्र भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में डंपर का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया और हाथरस सीमा में घुसकर उसे आग के हवाले कर दिया। भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

गांव बढ़ा खुर्द निवासी 23 वर्षीय शिवकुमार पुत्र स्व. भूरी सिंह, धीरज कुमार उर्फ भोला पुत्र कुंवर पाल एक बाइक व दूसरी बाइक पर चरन सिंह, कान्हा व रजत बुधवार दोपहर गंगा स्नान करने के लिए घर से निकले थे। बाइक को शिवकुमार चला रहा था और उसने हेलमेट भी पहना था। हाथरस मार्ग पर कारस पुलिया के समीप सामने से आ रहे अनियंत्रित डंपर ने शिवकुमार की बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर चालक बाइक को करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। अन्य साथियों ने वाहन का पीछा कर रुकबाने का प्रयास किया। इस प्रयास में चरन सिंह भी घायल हो गया।

गंभीर घायल शिवकुमार व धीरज को आनन-फानन में जिला अस्पताल, हाथरस भिजवाया। इलाज के दौरान शिवकुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं, धीरज कुमार को उपचार के लिए आगरा भर्ती कराया गया है। चरन सिंह छुट्टी मिलने के बाद घर आ गया है।

पुलिस के सामने ही फूंका डंपर

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डंपर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस डंफर आगे से मोड़कर कोतवाली लेकर जा रही थी। इसी बीच, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और कुछ अराजक तत्वों ने पीछा करना शुरू कर दिया। लगभग दो किलोमीटर दूर हाथरस कोतवाली क्षेत्र के गांव टुकसान से पहले भीड़ ने डंपर को घेर लिया।

सिपाहियों के सामने ही उग्र भीड़ ने डंपर में आग लगा दी। डंपर में आगजनी और बवाल की सूचना मिलते ही अलीगढ़ और हाथरस दोनों जिलों का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। दमकल विभाग की मदद से डंफर में लगी आग पर काबू पाया गया।


दोपहर 12:30 बजे तोछीगढ़ रजबहा के समीप हादसे की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक को हिरासत में ले लिया है। रास्ते में कुछ अराजक तत्वों ने डंफर में आग लगा दी। आग पर काबू पा लिया गया है और उपद्रव करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

-

कमलेश कुमार, सीओ, इगलास