अलीगढ़: छह साल चला प्यार, भागकर दिल्ली में शादी; एक हफ्ते में ही बदल गया पति का व्यवहार
अलीगढ़ की एक युवती ने खैर के युवक पर शादी का झांसा देकर दिल्ली ले जाने और विवाह के बाद ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
युवती ने खैर के युवक पर शादी का झांसा देने का आरोप लगाया।
दिल्ली में शादी के बाद पति ने शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। मडराक क्षेत्र की युवती ने खैर क्षेत्र के युवक पर शादी का झांसा देकर दिल्ली ले जाने, वहां विवाह करने के बाद शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न और मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि शादी के करीब एक सप्ताह बाद पति का व्यवहार बदल गया। वह तलाक की धमकी देकर मारपीट करने लगा।
अब करीब पांच दिन से उसे छोड़कर गायब है। युवती ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है। युवती के अनुसार, खैर के अर्नी निवासी शिवम उपाध्याय उर्फ दीपू से उसके करीब छह साल से प्रेम संबंध थे। 20 अगस्त को शिवम उसे शादी का झांसा देकर दिल्ली ले गया। वहां एक संस्था के माध्यम से दोनों ने विवाह किया।
युवती का आरोप है कि शादी के बाद करीब एक सप्ताह तक सब ठीक रहा और दोनों पति-पत्नी की तरह रहे। इसके बाद शिवम का व्यवहार बदल गया। वह तलाक देने की धमकी देने लगा और आए दिन मारपीट कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।
शिकायत के मुताबिक, करीब पांच दिन पहले शिवम ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकला और वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी बंद है। युवती का आरोप है कि वह उसकी सोने की चेन, रुपये और अपना सामान भी साथ ले गया। युवती ने ससुराल पक्ष पर शिवम के बारे में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है।
उसका कहना है कि परिजन शिवम के बारे में जानते हुए भी जानकारी नहीं दे रहे और उससे शिवम को छोड़ देने की बात कह रहे हैं। साथ ही दूसरी शादी कराने की बात भी कहने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर महिला थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
