विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फ्री में करिए IAS-PCS की पढ़ाई और NEET की तैयारी, अलीगढ़ में दिया गया Physics Wallah का मुफ्त सब्सक्रिप्शन

Published: Thu, 24 Sep 2026 02:09 PM (IST)

अलीगढ़ में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फिजिक्सवाला के 300 ऑनलाइन कोर्स का निःशुल्क सब्सक्रिप्शन मिला है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. अभ्युदय योजना में 300 ऑनलाइन कोर्स निःशुल्क उपलब्ध।

  2. फिजिक्सवाला के माध्यम से IAS-PCS, NEET, JEE की तैयारी।

  3. प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने योजना का शुभारंभ किया।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को डिजिटल शिक्षा की नई सुविधा शुरू की गई। कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को फिजिक्सवाला के ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का निश्शुल्क सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराने की शुरुआत की गई।

करीब 25 लाख रुपये की लागत से 300 ऑनलाइन कोर्स विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें यूपीएससी, यूपीपीएससी, एसएससी, नीट, जेईई व एनडीए जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री व विशेषज्ञ शिक्षकों की कक्षाओं का लाभ मिलेगा।

डिजिटल संसाधनों का पूरी मेहनत के साथ उपयोग

कार्यक्रम का शुभारंभ जिले के प्रभारी व गन्ना विकास और चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। जिला प्रशासन व फिजिक्स वाला के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्लेटफार्म, पाठ्यक्रम व उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी।

मंत्री ने विद्यार्थियों से उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का पूरी मेहनत के साथ उपयोग करने का आह्वान किया। एमएलसी डा. मानवेन्द्र प्रताप सिंह व ऋषिपाल सिंह ने कहा कि अभ्युदय योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने व उनके भविष्य को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस मौके पर सांसद सतीश गौतम, जिला पंचायत प्रशासक विजय सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, छर्रा विधायक रवेंद्रपाल सिंह, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, डीएम अविनाश कुमार, एसएसपी नीरज कुमार जादौन, नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, सीडीओ योगेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी निधि गोस्वामी मौजूद रहे।

विद्यार्थियों से बात कर हुई शुरुआत

कुछ समय पहले डीएम आगरा रोड स्थित मुकुंदपुर के आंबेडकर छात्रावास पहुंचे थे। यहां करीब 100 विद्यार्थी आवासीय सुविधा के साथ सिविल सेवा समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। विद्यार्थियों से संवाद के दौरान पढ़ाई में आने वाली जरूरतों व डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री के लिए ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।