अलीगढ़: एटा चुंगी फ्लाई ओवर, धूल...गड्ढे व जाम की मार; निर्माण पूरा होने में लगेगा अभी वक्त
अलीगढ़ के एटा चुंगी चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है, जहां धूल, गड्ढे ...और पढ़ें

अलीगढ़ में निर्माणाधीन एटा चुंगी फ्लाईओवर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। एटा चुंगी चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। पुल का निर्माण पूरा होने में अभी सात महीने का समय लगेगा। तब तक राहगीरों और स्थानीय लोगों को धूल, गड्ढों व जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद नहीं है। बदहाल सर्विस रोड के कारण वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है। धूल दुकानों और घरों में पहुंच रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धूल से बचाव के लिए पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है। एटा चुंगी चौराहे पर छर्रा अड्डा पुल की ओर से धनीपुर मंडी की तरफ 650 मीटर लंबा फोरलेन फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। 12 पिलर पर बनने वाले फ्लाईओवर पर करीब 56.17 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य जुलाई 2025 में शुरू हुआ था।
धनीपुर मंडी की ओर एप्रोच रोड बनाने के लिए फ्लाई एश डालकर जमीन को समतल किया जा रहा है। छर्रा अड्डा की ओर भी एप्रोच रोड के निर्माण वाले फाउंडेशन तैयार किए जा रहे हैं। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक रित्विक श्रीवास्तव ने बताया कि एटा चुंगी फ्लाईओवर का निर्माण मई 2027 तक प्रस्तावित है। लेकिन जनवरी तक पूरा करने का प्रयास है।
धूल न उड़े इसके लिए दिन में तीन बार पानी का छिड़काव सर्विस रोड पर करवा रहे हैं। सर्विस रोड पर गड्ढे होने और टूटने की वजह दूसरी संस्था द्वारा सड़क चौड़ीकरण कार्य कराना है। जहां गड्ढे और सड़क टूटी है, उसे सही कराया जाएगा।
सर्विस रोड की बदहाली बढ़ा रही मुश्किलें
चौराहे के दोनों ओर 325-325 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। इसके दोनों तरफ 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड प्रस्तावित है। सर्विस रोड की स्थिति ठीक नहीं होने और जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
वाहनों के दबाव से जाम लग जाता है छर्रा अड्डा पुल से बौनेर तिराहे तक नगर निगम की ओर से सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। सड़क के दोनों ओर नाला बनाने के लिए खोदाई की जा रही है। इससे जगह-जगह मलबा पड़ा है और आवागमन में दिक्कत बढ़ गई है।
