विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़ मंडल में 1000 आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा, जेडी कार्यालय को घेरा

By Santosh Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 28 Sep 2026 06:26 PM (IST)

अलीगढ़ मंडल के माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत लगभग एक हजार चतुर्थ श्रेणी आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पर टेंडर समाप्त होने ...और पढ़ें

अलीगढ़ में जेडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते आउटसोर्स कर्मचारी।

अलीगढ़ में जेडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते आउटसोर्स कर्मचारी।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सालों से माध्यमिक विद्यालयों में सेवाएं दे रहे मंडल के करीब एक हजार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सामने टेंडर खत्म होने के बाद रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

इसे लेकर सोमवार को अलीगढ़ मंडल के चार जिलों के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर प्रदर्शन कर सेवा विस्तार की मांग उठाई। कर्मचारियों की चिंता को देखते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक शीलेंद्र कुमार ने आश्वासन दिया कि टेंडर खत्म होने के बाद भी किसी की सेवाएं बाधित नहीं होंगी।

अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज के 311 राजकीय तथा 722 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कार्यरत हैं। करीब एक हजार कर्मचारियों के सामने सेवा समाप्त होने की आशंका है। कर्मचारियों ने कहा कि 17 सितंबर 2026 को फर्म का टेंडर समाप्त होने के बाद उन्हें काम करने से रोक दिया गया है।

जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। इसी चिंता को लेकर कर्मचारी अधिकारियों के पास पहुंचे और अपनी पीड़ा रखी। कर्मचारियों ने मांग की कि नई चयन प्रक्रिया और व्यवस्था लागू होने तक वर्तमान कर्मचारियों की सेवाएं जारी रखी जाएं।

साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीसीओएस) के पैनल पर प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाए, ताकि उनकी आजीविका सुरक्षित रह सके। मौके पर पहुंचे वार्ता के बाद संयुक्त शिक्षा निदेशक शीलेंद्र कुमार ने शिक्षा निदेशक, लखनऊ से फोन पर वार्ता की।

उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि टेंडर समाप्त होने के बाद भी किसी आउटसोर्सिंग कर्मी की सेवा बाधित नहीं होगी। जिला विद्यालय निरीक्षकों की ओर से कर्मचारियों की सेवाएं नहीं लेने संबंधी आदेश को निरस्त कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।

धरने पर आगरा से आए प्रदेशाध्यक्ष मुकेश सिकरवार, नरेंद्र सिंह लोधी, प्रदेश उ पाध्यक्ष हरीशंकर सिंह, प्रदेश सचिव सोनू सिंह, नरेंद्र कुमार, शोभित भारद्वाज, टिंकू सिंह लोधी, लक्ष्मी, रानी, नेहा, राखी, राहुल सिंह, अरमान, दुर्गेश लोधी,भीम प्रकाश, नरेंद्र सिंह सागर आदि उपस्थित रहे।