विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सपा के नाम पर मिठाई खराब, अब पीडीए की आड़ में मांग रहे वोट: ब्रजेश पाठक

By Surjeet Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 17 Oct 2026 06:20 PM (IST)

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अलीगढ़ में सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नाम की मिठाई खराब हो चुकी ...और पढ़ें

अलीगढ़ में सभा को संबोधित करते डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक।

अलीगढ़ में सभा को संबोधित करते डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सपा के नाम पर दुकान की मिठाई खराब हो चुकी है, इसलिए अब पीडीए के नाम पर वोट मांग रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को डीएस डिग्री कालेज के सभागार में आयोजित भाजपा के संवाद सम्मेलन में यह तंज कसते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अपने कार्यकाल के कामों के आधार पर जनता के बीच जाने की स्थिति में नहीं है।

उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की फिर सरकार बनने का दावा भी किया। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर आयोजित भाजपा जिला-महानगर की बैठक में डिप्टी सीएम ने कहा कि एमएलसी चुनाव प्रबुद्ध मतदाताओं से जुड़ा महत्वपूर्ण चुनाव है। शिक्षक व स्नातक मतदाताओं को प्रत्याशियों की योग्यता, कार्यक्षमता और उनके योगदान के आधार पर मतदान करना चाहिए।

उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील की। ब्रजेश पाठक ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सपा की सरकार के दौरान लूट, डकैती व अन्य आपराधिक घटनाओं से लोग परेशान थे। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि माफिया खाली प्लाटों पर कब्जा करते थे और राजनीतिक संरक्षण में दबंगई होती थी।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और दंगों पर अंकुश लगा है। डिप्टी सीएम ने सपा शासन में बिजली आपूर्ति व सड़कों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अनियमित बिजली आपूर्ति के चलते लोगों को जनरेटर का सहारा लेना पड़ता था।

खराब सड़कों से आवागमन प्रभावित होता था। स्कूलों में भी बुनियादी सुविधाओं की कमी थी। ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि वर्ष 2017 की तुलना में प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना से अधिक हो गई है।