अलीगढ़ में दशहरा पर भारी वाहनों की नो-एंट्री, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन; देख लें पार्किंग प्वाइंट
अलीगढ़ में दशहरा पर्व पर श्रीरामचंद्र जी महाराज की शोभायात्रा और मां काली की सवारी के लिए यातायात व्यवस्था में ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। दशहरा पर्व पर मंगलवार को श्रीरामचंद्र जी महाराज की सिंहासन शोभायात्रा और मां काली की सवारी के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अचलताल स्थित रामलीला मैदान से दोपहर एक बजे शोभायात्रा शुरू होगी। इसके चलते शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए बाहरी डायवर्जन लागू करने के साथ ही नुमाइश मैदान में रावण वध देखने आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के इंतजाम भी किए हैं। श्रीरामलीला गौशाला कमेटी के तत्वावधान में निकलने वाली शोभायात्रा आर्यसमाज रोड, मदारगेट चौराहा, गांधीपार्क और मामूभांजा होते हुए मीरुमल चौराहे पहुंचेगी। यहां मामूभांजा स्थित श्री राधामोहन मंदिर से मां काली की सवारी भी इसमें शामिल होगी।
इसके बाद शोभायात्रा पत्थर बाजार, बारहद्वारी चौराहा, रघुवीरपुरी चौराहा और नई तहसील के सामने से होते हुए शाम करीब छह बजे नुमाइश मैदान पहुंचेगी। यहां रावण वध लीला का मंचन होगा। इसके बाद श्रीराम, लक्ष्मण और सीता के डोले मसूदाबाद जीटी रोड होते हुए अचलताल रामलीला मैदान लौटेंगे। शोभायात्रा में करीब 70 से 80 झांकियां शामिल होने का अनुमान है।
इन रास्तों से नहीं गुजरेंगे भारी वाहन
दोपहर एक बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक बाहरी डायवर्जन लागू रहेगा। बोनेर तिराहा, एटा चुंगी, भांकरी पुल, खैरेश्वर चौराहा, पुराना मथुरा पुल चेंजर, सारसौल चौराहा, बरौला पुल और क्वार्सी चौराहे से शहर की ओर आने वाले भारी और व्यावसायिक वाहनों, रोडवेज व निजी बसों को प्रतिबंधित मार्गों से हटाकर वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।
मथुरा, इगलास, आगरा और हाथरस की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी नए बाईपास से निकाला जाएगा। अनूपशहर और जवां की ओर से आने वाले वाहनों को महेशपुर से क्वार्सी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शाम चार बजे से नुमाइश मैदान की ओर भी प्रतिबंध
रावण दहन के मद्देनजर शाम चार बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कंपनीबाग, रसलगंज, मसूदाबाद, शहंशाह तिराहा, ब्लूवर्ड स्कूल, तस्वीर महल, गूलर रोड नगर निगम वर्कशॉप, आइटीआइ कॉलेज और जेल पुल की ओर से नुमाइश मैदान जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
यहां खड़े करें अपने वाहन
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए मसूदाबाद बस अड्डा, शहंशाह तिराहे का एनसीसी मैदान, सिंचाई विभाग की ट्यूबवेल कॉलोनी, नगर निगम वर्कशॉप के बराबर खाली मैदान और आइटीआइ कॉलेज मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। तस्वीर महल की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कलेक्ट्रेट और दीवानी की तरफ सड़क किनारे पार्किंग निर्धारित की गई है।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और डायवर्जन के दौरान पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है।
