Aligarh Double Murder News: घर का चप्पा-चप्पा जान गए थे हत्यारे, फिर दिया हत्याकांड को अंजाम
तीनों आरोपितों पर परिवार ने भरोसा किया और बिना उनके बारे में जाने ही उन्हें अपने घर में दाखिल करवाया। इस दौरान आरोपित घर का चप्पा-चप्पा जान गए। वहीं से लूट की योजना बनाई। लेकिन दोहरे हत्याकांड को अंजाम दे डाला।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। कातिब राजकुमार के घर में सबकुछ ठीक चल रहा था। छोटा परिवार हंसी-खुंशी जीवन बिता रहा था, मगर कुछ लोगों के लालच ने उनकी दुनिया तबाह कर दी। इस घटना को अंजाम देने वाले तीनों आरोपितों पर परिवार ने भरोसा किया और बिना उनके बारे में जाने ही उन्हें अपने घर में दाखिल करवाया। इस दौरान आरोपित घर का चप्पा-चप्पा जान गए। वहीं से लूट की योजना बनाई। लेकिन, दोहरे हत्याकांड को अंजाम दे डाला।
यह है मामला
इस बहुचर्चित हत्याकांड का पर्दाफाश करना पुलिस के लिए भी चुनौती थी। चूंकि मुकदमा अज्ञात में हुआ था। वहीं जब राजकुमार के साले रामदेव और योगेश कुमार शर्मा ने तीन लोगों को घर से बाहर निकलने की बात बताई, तब भी किसी को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। कातिब का परिवार दीपावली से पहले तीनों लोगों को केला नगर से रंगाई-पुताई कराने के लिए लेकर आए थे। तीनों कहां रहते थे, ये तक उनको जानकारी नहीं थी। लेकिन, आरोपितों ने तभी लूट का इरादा बना लिया था। उन्हें जानकारी थी कि घर के सदस्य कब-कब आते जाते हैं।
इसीलिए उन्होंने दोपहर का वक्त चुना। चूंकि घर की महिलाएं तीनों आरोपितों को जानती थीं, इसलिए उन्होंने तीनों को अंदर आने दिया। लेकिन, आरोपितों ने लूटपाट मचा दी। इसके बाद दोनों को बेरहमी से मार डाला। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले। इसके बाद चेहरों के आधार पर इनकी पहचान कराई गई। तब जाकर आरोपित हत्थे चढ़े थे।
फैसला आते ही भावुक हुए राजकुमार, बोले- कभी नहीं भूल पाऊंगा
अलीगढ़। कातिब राजकुमार का परिवार अभी तक इस घटना से उबर नहीं पाया है। इनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा राहुल दिल्ली आइआइटी में हैं। जबकि छोटा बेटा अभिनव ड्यूडिशियरी की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल बिहार में अभियोजन अधिकारी का मेन्स की परीक्षा देने गए हैं। अदालत का फैसला आते ही राजकुमार भावुक हो गए। उनके आंसू झलक आए। सिर्फ इतना ही बोले कि लंबी लड़ाई के बाद न्याय मिला, मगर इस घटना को कभी भुला नहीं पाऊंगा। आज फैसला आया तो फिर से पुरानी यादें सामने आ गईं।