Aligarh: डाक्टर दंपति गए थे बेटे के पास चंडीगढ़, नर्सिंग होम के ऊपर घर में लाखों की चोरी
Aligarh में डाक्टर के बंद घर को चोरों ने निशाना बना लिया। डाक्टर दंपती अपने बेटे के घर चंडीगढ़ गए थे। इनके पीछे चोरों ने मकान के ताले तोड़ा डाले और तीन लाख की नकदी व लाखों के जेवरात पार कर दिए।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता: क्वार्सी थाना क्षेत्र के एडीए कालोनी स्थित डाक्टर के बंद घर को चोरों ने निशाना बना लिया। डाक्टर दंपती अपने बेटे के घर चंडीगढ़ गए थे। इनके पीछे चोरों ने मकान के ताले तोड़ा डाले और तीन लाख की नकदी व लाखों के जेवरात पार कर दिए। मकान की निचले फ्लोर पर नर्सिंग होम चलता है, जहां कर्मचारी मौजूद थे। ऐसे में सवाल है कि उनके होते हुए घटना कैसे हो गई। पुलिस कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
एडीए कालोनी स्थित आइ क्लीनिक के संचालक डा. वीके श्रीवास्तव यहां अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। ऊपरी मंजिल पर निवास है, जबकि नीचे नर्सिंग होम है। पुलिस के मुताबिक, डा. वीके के बेटे राहुल श्रीवास्तव चंडीगढ़ में रहते हैं। पोता होने पर 24 नवंबर को डाक्टर दंपती अपने बेटे के पास चंडीगढ़ गए थे। इनके पीछे नर्सिंग होम चल रहा था। यहां नौकरानी समेत चार कर्मचारी थे।
कर्मचारियों के पास थी मकान की चाबी
साफ-सफाई के चलते मकान की चाबी कर्मचारियों के पास ही थी। रोज साफ-सफाई भी हो रही थी। वहीं दो दिन पहले सुबह के समय साफ-सफाई के लिए घर को खोला तो पीछे का दरवाजा खुला था। देखा तो कमरों व सेफ के ताले टूटे हुए थे। फोन पर इसकी सूचना डा. वीके को दी गई। उन्होंने यहां आकर थाना क्वार्सी में तहरीर दी है।
हालांकि तहरीर में ये स्पष्ट नहीं किया है कि सामान कितने का था। लेकिन, पुलिस को प्राथमिक जानकारी में बताया है कि करीब तीन लाख रुपये की नकदी, अंगूठी, मंगलसूत्र, डायमंड की अंगूठी आदि सामान शामिल है।
इस बड़ी घटना को लेकर पुलिस भी हैरान है कि आखिर कर्मचारियों के सामने चोरी कैसे हुई। इंस्पेक्टर पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। कैमरे भी खंगाले गए हैं। इनमें अभी तक बाहर से कोई व्यक्ति आता नहीं दिखा है। अन्य सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं।