विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काम में लापरवाही पर भड़के Aligarh DM, दी अनूठी सजा; तैनाती स्थल पर ही रात गुजारेंगे कर्मचारी

By Yogesh Kaushik Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 17 Feb 2026 08:55 PM (IST)

अलीगढ़ के जिलाधिकारी संजीव रंजन ने विकास कार्यों में सुस्ती और अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया ...और पढ़ें

अलीगढ़ के जिलाधिकारी संजीव रंजन।

अलीगढ़ के जिलाधिकारी संजीव रंजन।

संवाद सूत्र, जागरण इगलास (अलीगढ़)। विकास कार्यों में सुस्ती और अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कड़ा रुख अपनाया है।

मंगलवार को विकास खंड कार्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने दो-टूक कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने तैनाती स्थल पर ही रात्रि विश्राम करना सुनिश्चित करें।

नियमों का उल्लंघन करने वालों और अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम, मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार और पीडी डीआरडीए भालचंद त्रिपाठी के साथ अचानक ब्लाक मुख्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जब ग्रांट रजिस्टर, सर्विस बुक और जीपीएफ रजिस्टर की जांच की गई, तो स्थिति संतोषजनक नहीं मिली।

जिलाधिकारी ने पाया कि पिछले निरीक्षण की आख्या तक उपलब्ध नहीं थी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को अद्यतन नहीं किया गया था। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए पटल सहायकों को रिकार्ड दुरुस्त करने की चेतावनी दी।

समीक्षा के दौरान डीएम ने पाया कि कुछ अधिकारियों को अपने ही विभाग के कार्यों और योजनाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का संचालन पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ होना चाहिए।

बीडीओ चैतन्य कुमार पाठक ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि फैमिली आईडी 7216 के लक्ष्य के सापेक्ष 6858 (95%) आईडी बनाई जा चुकी हैं। जीरो पावर्टी चिन्हित 214 परिवारों में से 25 तकनीकी कारणों से अवशेष हैं, जिन पर कार्य जारी है।

निर्माण कार्य 10 लाख से अधिक की लागत वाला एक बारातघर निर्माणाधीन है, शेष छोटे कार्य प्रगति पर हैं। सामूहिक विवाह सत्यापन के बाद 15 आवेदनों को आगे की कार्यवाही के लिए भेजा जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान टीम भावना के साथ कार्य करने और सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त रखने के भी सख्त निर्देश दिए गए।


ताहरपुर गौशाला का निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

डीएम संजीव रंजन ने ताहरपुर स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण कर निराश्रित गोवंश के रखरखाव, साफ-सफाई और चारे-पानी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौवंश संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। ग्राम पंचायत अधिकारी को गौशाला में लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस मोबाइल पर लेने के भी निर्देश दिए गए।