अलीगढ़ मंडल में किसानों को मिलेगा मुफ्त और सस्ता बीज, रजिस्ट्रेशन कराने का मौका चूक न जाएं
अलीगढ़ मंडल में रबी फसलों की बुवाई के लिए किसानों को आधे दाम और शत-प्रतिशत छूट पर बीज मिल रहा ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। रबी सीजन की फसलों की बुवाई शुरू होने के साथ ही मंडल में आधे दाम व शत प्रतिशत छूट पर बीज वितरण किया जा रहा है। गेहूं और जौ के लिए किसानों के पास अभी 30 सितंबर तक ऑनलाइन बुकिंग का मौका है।
कृषि विभाग की ओर से करीब 48 हजार कुंतल बीज राजकीय बीज गोदामों पर उपलब्ध कराया जा रहा है। ई-लाॅटरी से चयनित किसानों को यह बीज मिल सकेगा। चयनित किसान तोरिया (लाहा) के बीज का उठान कर रहे हैं।
संयुक्त कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने बताया कि गेहूं और जौ का बीज कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://agriculture.up.gov.in पर बुक कर सकते हैं।
किसान अपनी न्याय पंचायत के प्राविधिक सहायक, नजदीकी राजकीय बीज भंडार, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय व उप कृषि निदेशक कार्यालय में बिना किसी भुगतान के बुकिंग करा सकते हैं।
मंडल के चारों जनपद में गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, लाहा/तोरिया, राई/सरसों का सामान्य वितरण में 44 हजार 625 कुंतल बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। यह बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर किसान प्राप्त कर सकते हैं। बीज गोदाम पर कुल कीमत का आधा ही भुगतान करना होगा।
अलीगढ़ में 18 हजार 299, हाथरस में 7 हजार 010, एटा में 11 हजार 049 व कासगंज में 6 हजार 944 कुंतल गेहूं का बीज सामान्य वितरण योजना में बांटा जाएगा। अलीगढ़ में 285 कुंतल और एटा में 438 कुंतल जौ का बीज आधी मूल्य पर मिलेगा।
निशुल्क मिलेगी मिनी किट
चना, मटर, मसूर, तोरिया, राई/सरसों के लिए प्रदर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग करने वालों को 943 कुंतल बीज शत-प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराया जाएगा। इन्हीं फसलों का 1228 कुंतल बीज निशुल्क मिनी किट के माध्यम से चारों जनपद में बांटा जाएगा।
