अलीगढ़: संविदा एएनएम धरने पर डटीं, लंबी सेवा के बाद भी स्थायीकरण नहीं
अलीगढ़ में संविदा एएनएम का स्थायीकरण और वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर धरना चौथे दिन भी जारी ...और पढ़ें

चौथे दिन गुरुवार को भी सीएमओ कार्यालय पर धरना देतीं एएनएम।
HighLights
संविदा एएनएम का धरना अलीगढ़ में चौथे दिन भी जारी।
स्थायीकरण और वेतन विसंगति दूर करने की मुख्य मांग।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। करीब 12 साल की सेवा के बाद भी स्थायीकरण और वेतन विसंगति दूर न होने से नाराज संविदा एएनएम का आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। उत्तर प्रदेश संविदा एएनएम संगठन के आह्वान पर एएनएम ने गुरुवार को सीएमओ कार्यालय पर धरना देकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
लगातार चार दिन से चल रहे प्रदर्शन के बावजूद समाधान न निकलने पर एएनएम में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में वर्षों से लगातार सेवाएं देने के बावजूद उन्हें आज भी संविदा कर्मी के तौर पर ही काम करना पड़ रहा है। स्थायी एएनएम के समान जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद वेतन में बड़ा अंतर है।
एएनएम का सवाल है कि जब काम और जिम्मेदारी में अंतर नहीं है तो वेतन में इतनी बड़ी असमानता क्यों? एएनएम उमेश कुमारी, शालू और वीना ने कहा कि पहले तीन वर्ष और बाद में 10 वर्ष की सेवा के बाद स्थायीकरण की व्यवस्था रही है। इसके बावजूद 12 साल की सेवा पूरी करने के बाद भी उन्हें स्थायीकरण का लाभ नहीं मिला। उनका कहना है कि इतने लंबे समय तक सेवा लेने के बाद भी भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट नीति नहीं है।
एएनएम ने दो टूक कहा कि अब केवल आश्वासन के भरोसे आंदोलन खत्म नहीं होगा। स्थायीकरण और वेतन विसंगति पर ठोस निर्णय होने तक धरना जारी रहेगा।
