अलीगढ़: ड्राई डे पर कैंटीन में छलक रहे थे जाम, सिपाही ने टोका तो बना लिया बंधक
गांधी जयंती पर अलीगढ़ के विजयपुरा में शराबबंदी के बावजूद एक कैंटीन में शराब परोसी जा रही थी। जांच करने ...और पढ़ें

चंडौस में शराब ठेका, जहां से सिपाही को मुक्त कराया गया।
संवाद सूत्र, चंडौस (अलीगढ़)। गांधी जयंती के दिन शराब की दुकानों की बंदी के बावजूद कोतवाली क्षेत्र के गांव जामुनका के माजरा विजयपुरा में देसी शराब के ठेके के पास स्थित कैंटीन में शराब पिलाए जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर जांच करने पहुंचे कोतवाली के सिपाही योगेंद्र कुमार को कैंटीन संचालक द्वारा कथित तौर पर अंदर बंद कर दिया गया।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कैंटीन का ताला खुलवाकर सिपाही को बाहर निकाला। पुलिस ने कैंटीन संचालक को हिरासत में ले लिया है।
शुक्रवार को गांधी जयंती के चलते शराब की सभी दुकानें बंद थीं। इसी दौरान गश्त कर रहे सिपाही योगेंद्र कुमार को विजयपुरा में कैंटीन के अंदर शराब पिलाए जाने की सूचना मिली। सिपाही मौके पर पहुंचा तो शराब की दुकान के बराबर स्थित कैंटीन खुली हुई थी और कुछ लोग अंदर बैठे थे। सिपाही ने संचालक से पूछताछ की और जांच के लिए कैंटीन के अंदर गया।
आरोप है कि इसी दौरान संचालक ने शटर गिराकर कैंटीन में ताला लगा दिया। अंदर बंद होने के बाद सिपाही ने मोबाइल फोन से थानाध्यक्ष मोनू कुमार आर्य को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कैंटीन का ताला खुलवाकर सिपाही को बाहर निकाला। पुलिस ने मौके से कैंटीन संचालक विजेंद्र सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी गांव रेसरा को हिरासत में ले लिया।
पूरे मामले में शुक्रवार देर रात सिपाही योगेंद्र कुमार की तहरीर पर कैंटीन संचालक विजेंद्र सिंह और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष मोनू कुमार आर्य ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर संचालक और उसकी पत्नी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संचालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
