अलीगढ़: स्मार्ट सिटी के बाद अब 60.08 करोड़ रुपये से होंगे शहरभर में काम, बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की तैयारी
अलीगढ़ नगर निगम ने शहर में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 60.08 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को ...और पढ़ें

अलीगढ़ जंक्शन।
HighLights
नगर निगम ने 60.08 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी दी।
जल निकासी और पथ प्रकाश पर करोड़ों रुपये होंगे खर्च।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। शहर में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने 60 करोड़ आठ लाख 54 हजार रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी है।
15वें वित्त आयोग और नगरीय अवस्थापना विकास निधि से होने वाले इन कार्यों में जलनिकासी व्यवस्था मजबूत करने, पथ प्रकाश सुधारने, सड़कों की मरम्मत, पार्कों के पुनरुद्धार और स्कूलों के कायाकल्प के साथ बरातघरों व प्रवेश द्वारों का निर्माण भी कराया जाएगा। मेयर की अध्यक्षता में बुधवार को हैबिटेट सेंटर में हुई समिति की बैठक में इन प्रस्तावों पर मुहर लगी।
जल निकासी व्यवस्था के लिए 5.79 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। एसटीपी से मडराक रजबहा तक 1811 मीटर लंबी और 900 एमएम व्यास की ह्यूम पाइप लाइन बिछाई जाएगी। केवल विहार और नगला कलार ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के लिए 615 मीटर लंबी 600 एमएम व्यास की डीआई पाइप लाइन और पंपिंग सेट लगाए जाएंगे।
अन्य पंपिंग स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकालने के लिए डी-वाटरिंग सेट भी खरीदे जाएंगे। पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए करीब 13.09 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सूतमिल चौराहे से जीटी रोड तक 200 डेकोरेटिव पोल और लाइट लगाने पर 2.59 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
नगर निगम सीमा में पथ प्रकाश के विभिन्न कार्यों के लिए आठ करोड़ और एलईडी लाइटों के अनुरक्षण के लिए 2.50 करोड़ रुपये का प्रविधान है। सूतमिल चौराहे से जीटी रोड तक केबल, पाइप और लाइट लगाने के लिए 1.18 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा सड़कों के रखरखाव के लिए 1.50 करोड़ रुपये की पैच रिपेयर मशीन खरीदी जाएगी। शहर के प्राथमिक विद्यालयों में सुविधाएं बढ़ाने, पार्कों के पुनरुद्धार, बरातघरों के निर्माण और कामर्शियल कांप्लेक्स के विकास के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है। सार्वजनिक पार्कों के पुनरुद्धार और स्कूलों के कायाकल्प पर भी बड़ी राशि खर्च होगी।
नगरीय अवस्थापना विकास निधि के तहत 18.89 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा आगरा रोड और मथुरा रोड पर प्रवेश द्वार निर्माण तथा रसलगंज क्षेत्र के विकास के प्रस्ताव भी मंजूर किए गए हैं। नगर निगम सीमा में एलईडी लाइट, विद्युत पोल, डेकोरेटिव पोल और मिनीमास्ट लगाने के कार्य भी कराए जाएंगे।
जल निकासी और पथ प्रकाश पर भी खर्च होंगे करोड़ों
महानगर में जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 5.79 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत पांच ट्राॅली माउंटेड 28 एचपी डीजल डी-वाटरिंग सेट खरीदे जाएंगे। वार्ड-50 के एडीए विकास नगर और लोहिया पार्क तथा वार्ड-43 के लोधी विहार में जर्जर उच्च जलाशयों को ध्वस्त किया जाएगा। सराय रहमान ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त मोटर पंप लगाए जाएंगे।
पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए करीब 13.09 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। सूतमिल चौराहे से जीटी रोड तक 200 डेकोरेटिव पोल और लाइट लगाने पर 2.59 करोड़ रुपये, नगर निगम सीमा में पथ प्रकाश के विभिन्न कार्यों पर आठ करोड़ और एलईडी लाइटों के अनुरक्षण पर 2.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
आगरा रोड स्थित आवासीय स्काई टावर परियोजना से निगम को प्राप्त धनराशि से 25.50 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें नगर निगम सीमा में बरातघरों के निर्माण पर 6.20 करोड़, सार्वजनिक पार्कों के पुनरुद्धार पर 3.20 करोड़, कामर्शियल कांप्लेक्स निर्माण पर 1.60 करोड़ और स्कूलों के कायाकल्प पर चार करोड़ रुपये खर्च होंगे।
भुजपुरा में ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन के निर्माण पर 3.55 करोड़ और नगला महताब ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने पर 2.95 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभिन्न क्षेत्रों में एलईडी लाइट, विद्युत पोल, डेकोरेटिव पोल और मिनीमास्ट लगाने के लिए चार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
नगरीय अवस्थापना विकास निधि से आगामी महीनों में संभावित धनराशि के सापेक्ष 13 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई है। इनमें आगरा रोड और मथुरा रोड पर प्रवेश द्वार निर्माण के लिए पांच करोड़ तथा रसलगंज रोड के विकास और उन्नयन के लिए आठ करोड़ रुपये शामिल हैं।
