अलीगढ़ की अदालत में अब नहीं गूंजेगी 'हाजिर हो' आवाज
अदालतों के बाहर 'हाजिर हो' वाली पुरानी परंपरा यहां बंद होने जा रही है। सुप्रीम क
अलीगढ़ : अदालतों के बाहर 'हाजिर हो' वाली पुरानी परंपरा यहां बंद होने जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अदालतें डिजिटलाइज की जा रही हैं। फिर, नई तारीख, पेशी व अदालती फैसले भी एक बटन दबाते ही डिस्प्ले स्क्रीन पर होंगे। इसके बाद से वकीलों को आवाज देकर बुलाने की व्यवस्था भी खत्म हो जाएगी। सुप्रीम कोर्ट की नई गाइड लाइंस पर काम शुरू हो चुका है। डिस्प्ले स्क्रीन लग चुकी हैं। इन्हें कंप्यूटर से भी जोड़ा जा रहा है।
पक्षकारों को राहत : डिस्प्ले स्क्रीन से पक्षकारों को वकीलों के पीछे नहीं भटकना पड़ेगा। स्क्रीन पर ही जानकारी मिल जाएगी कि उस दिन किन मुकदमों की सुनवाई होनी है। अगली तारीख कब है? पेशी या फैसले से संबंधित जानकारियां भी मिल सकेंगी। केस की प्रगति रिपोर्ट भी एक बजे से पहले दिखेगी। अधिकाश मामलों की पैरवी या सुनवाई 12 बजे तक हो जाती है। मगर, पक्षकारों को वकील के जरिये शाम या अगले दिन जानकारी मिल पाती है। इससे जनपद में दूर दराज से आए वादकारियों को पूरा दिन दीवानी में बिताना पड़ता है। अब ये सभी जानकारी एलईडी डिस्प्ले बोर्ड पर नजर आएंगी। लिखा मिलेगा कि इन मामलों की सुनवाई जारी है। जिनमें सुनवाई व पेशी मुकर्रर हो चुकी होगी, उसकी भी जानकारी बोर्ड पर मिलेगी। ईमेल, मैसेज पर भी : वकीलों को ईमेल, मैसेज के जरिये मुकदमों के संबंधित जानकारी देने की सुविधा पर काम चल रहा है। सभी वकीलों के मोबाइल व ईमेल एड्रेस लिए गए हैं। इन पर वकीलों को उनके मुकदमे संबंधी जानकारी मिलेंगी। इससे वादकारी व अधिवक्ताओं का काफी हद तक समय बचेगा।