Move to Jagran APP

प्रदेश सरकार पर जल्द लगेगा अलीगढ़ का ताला : संजय सिंह

अलीगढ़ आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निशाने पर गुरुवार को केंद्र व प्रदेश सरकारें रहीं।

By JagranEdited By: Published: Fri, 30 Oct 2020 01:12 AM (IST)Updated: Fri, 30 Oct 2020 01:12 AM (IST)
प्रदेश सरकार पर जल्द लगेगा  अलीगढ़ का ताला : संजय सिंह
प्रदेश सरकार पर जल्द लगेगा अलीगढ़ का ताला : संजय सिंह

अलीगढ़ : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निशाने पर गुरुवार को केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारें रहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज खत्म करने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में गुंडाराज खत्म नहीं हुआ गुंडाराज स्थापित जरूर हो गया है। प्रदेश में सर्वाधिक उत्पीड़न दलित, पिछड़े व शोषितों का हो रहा है। प्रदेश में सरेआम हत्या, दुष्कर्म, अपहरण, लूट की वारदातों के साथ ही अपराधों की बाढ़ सी आ गई है। आम आदमी सुरक्षित नहीं है। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर जल्द अलीगढ़ वाला ताला लगेगा।

loksabha election banner

वे चंडौस क्षेत्र के गांव एलमपुरा में आयोजित नुक्कड़ सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ व हाथरस में पिछले दिनों हुई घटनाओं ने पूरे देश की संवेदनाओं को झकझोरने का काम किया है। सरकार के क्रिया-कलापों से लोगों में भाजपा सरकार में हो रहे अन्याय को लेकर रोष है। लोगों का रुझान आम आदमी पार्टी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की तरह उत्तर प्रदेश में परिवर्तन आने वाला है। यहां पर भी आप की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश वासियों को दिल्ली की तरह ही मुफ्त बिजली मिलेगी। योगी सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि प्रदेश भर में दलितों पर अत्याचार व जुल्म, ज्यादती बढ़ गई है। कानून व्यवस्था की सरेआम धज्जियां उड़ रहीं हैं। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थित में बलिया में भाजपा नेता ने किसान को गोली से उड़ा दिया। हाथरस कांड में बिटिया के स्वजन को सरकार न्याय तो दिला नहीं सकी उल्टा उन पर दबाव बना रही है। एसपी रेंक के अधिकारी रंगदारी मांग रहे हैं और विरोध करने पर महोबा में एक व्यापारी की हत्या करा दी गई। आरोपित एसपी की आज तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लखीमपुर खीरी, जौनपुर, बलरामपुर में दलितों पर हो रहे जुल्म ने सरकार के माथे पर कलंक लगाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी खुद क्षत्रिय समाज से हैं और एक सच्चे क्षत्रिय का धर्म है कि हर किसी की रक्षा करना, लेकिन यहां तो दलितों पर चुन-चुनकर अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। सभा के दौरान विभिन्न दलों से नाता तोड़कर बड़ी संख्या में लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभा में आप के प्रदेश उपाध्यक्ष गुरविदर सिंह, जिलाध्यक्ष परवेज अली, डॉ. ओमवीर सिंह, डॉ. पुष्पेंद्र कुमार, डॉ. सुनील कुमार, ऊदल सिंह, मुकेश कुमार सिंह, रामनारायण, वीरेंद्र प्रधान, बैनी प्रसाद, राजेंद्र राणा, अशोक देशमुख, राजेश प्रधान, लाल सिंह, रोहताश त्रिवेदी आदि ने विचार रखे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.