विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़ की छर्रा मंडी में जमकर बवाल, पल्लेदार का पैर कटने पर भड़का आक्रोश; लाठीचार्ज

By Antriksh Tiwari Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 28 Sep 2026 09:48 PM (IST)

अलीगढ़ की छर्रा अनाज मंडी में पल्लेदार का पैर काटे जाने के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ ...और पढ़ें

छर्रा मंडी में पल्लेदार के पक्ष में जुटी भीड़ पुलिस से उलझते हुए।

छर्रा मंडी में पल्लेदार के पक्ष में जुटी भीड़ पुलिस से उलझते हुए।

HighLights

  1. छर्रा अनाज मंडी में ग्रामीणों ने किया जमकर हंगामा।

  2. पुलिस से झड़प के बाद भीड़ को तितर-बितर करने को लाठीचार्ज।

संवाद सूत्र, छर्रा (अलीगढ़)। छर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम रुमामई निवासी 25 वर्षीय पल्लेदार राजू के साथ हुई जानलेवा बर्बरता के बाद सोमवार को क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त हो गया। आरोपी आढ़तियों पर कार्रवाई न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने छर्रा अनाज मंडी पर धावा बोल दिया।

इस दौरान गुस्साए लोगों ने मंडी का मुख्य द्वार बंद कर जमकर हंगामा किया, किसी अन्य गल्ला व्यापारी के मुनीम के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम के साथ तीखी झड़प करते हुए वर्दी तक खींच डाली। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ना पड़ा।

ग्राम रुमामई निवासी भोजराज ने थाना छर्रा में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र राजू छर्रा अनाज मंडी में पल्लेदारी का काम करता है। बीते 22 सितंबर की शाम करीब 8 बजे मंडी में राजू का आढ़ती महेश यादव और रहमान से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।

आरोप है कि विवाद के दौरान दबंग आढ़तियों ने बर्बरता दिखाते हुए राजू का पैर काट दिया। घटना के बाद गंभीर हालत में राजू को अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां होश में आने पर उसने परिजनों को आपबीती सुनाई।

घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार को ग्राम रुमामई से दर्जनभर से ज्यादा ग्रामीण और परिजन ट्रैक्टरों में सवार होकर थाना छर्रा पहुंचे। इसके साथ ही अलीगढ़ अस्पताल से घायल राजू को एम्बुलेंस के जरिए सीधे छर्रा लाया गया।

गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी आढ़तियों की गिरफ्तारी और मंडी बंद करने की मांग को लेकर इंस्पेक्टर सुशील कुुमार से अनाज मंडी पर जाम लगाने की धमकी देते हुए मंडी की ओर कूच कर दिया।

अनाज मंडी में बेकाबू हुई स्थिति

अनाज मंडी पहुंचते ही स्थिति बेकाबू हो गई। उग्र ग्रामीणों ने एक अन्य गल्ला व्यापारी साधु सिंह के मुनीम निवासी थाना छर्रा के ग्राम बहादुरपुर रहचोई निवासी योगेश पुत्र ज्ञान सिंह पर हमला बोल दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा जिसकी तहरीर योगेश कुमार ने थाना छर्रा ने दे दी है।

इसके बाद ग्रामीणों ने मंडी के मुख्य द्वार बंद कर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जब भीड़ को समझाने का प्रयास किया तो ग्रामीण उनसे ही भिड़ गए। इस दौरान भीड़ ने सीओ गर्वित सिंह एवं पुलिसबल के साथ झड़प हो गई और छीना-छपटी हो गई।

सीओ ने संभाला मोर्चा

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ छर्रा गर्वित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल पल्लेदार राजू की स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस को तत्काल वापस अस्पताल भेजने का निर्देश दिया। जैसे ही एम्बुलेंस मंडी से बाहर निकली, ग्रामीणों ने उसे मुख्य मार्ग पर रोककर सड़क जाम कर दी और सीओ से भी बदसलूकी करने लगे।

स्थिति हाथ से निकलते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और एम्बुलेंस को सुरक्षित रास्ते से अस्पताल के लिए रवाना कराया। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीण और भड़क गए और उन्होंने मंडी के दोनों गेट बंद कर पूर्ण रूप से जाम लगा दिया। फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है, आज्ञात के खिलाफ मुनीम की तहरीर प्राप्त कर ली गई है, जांच कर मुकदमा पंजीकृत कर लिया जाएगा।

सीओ छर्रा गर्वित सिंह