अलीगढ़ के कारोबारियों को है होटल कारोबार को मिले इंडस्ट्री का दर्जा Aligarh news
इस बजट से होटल कारोबारियों को बड़ी उम्मीद हैं। अंग्रेजों के जमाने के नियम सराय एक्ट को बदलकर होटल का पंजीकरण उद्योग में किया जाए।
अलीगढ़ [ जेएनएन ] : इस बजट से होटल कारोबारियों को बड़ी उम्मीद हैं। अंग्रेजों के जमाने के नियम सराय एक्ट को बदलकर होटल का पंजीकरण उद्योग में किया जाए। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार विशेष पैकेज लाए। उपभोक्ताओं पर कर की मार कम पड़े, इसके लिए जीएसटी की 18 फीसद दर को कम किया जाए। महानगर में फोर स्टार होटल का निर्माण हो चुका है। जिले के आसपास स्थित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फैसला होना चाहिए। होटल कारोबारियों के अरमान पूरे करने में सरकार अबतक असफल रही है। उनका कहना है कि बजट में होटल कारोबार को टैक्स में राहत दी जानी चाहिए। साथ ही सरकार को टूरिज्म बढ़ाने पर जोर देना चाहिए।
टैक्स 25 फीसदी से ज्यादा हो जाते हैं
सरकार ने होटल कारोबार को बढ़ावा देने के लिए रियायतें देने का आश्वासन दिया था। वर्तमान में होटल कारोबार पर सर्विस टैक्स, लक्जरी टैक्स, खाने पर टैक्स जैसे कई कर लगते हैं, जो कुल मिलाकर 25 फीसदी से ज्यादा हो जाते हैं। इस बजट में सरकार को सभी अलग-अलग टैक्स हटाकर एक टैक्स लगाना चाहिए और उसकी दर 10-15 फीसदी से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। ऐसा होने पर सरकार का रेवेन्यू बढऩे के साथ ही कालेधन पर भी रोक लगेगी।
देशभर के कारोबारी अलीगढ़ आएंगे
अलीगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन पंकज धीरज, चेयरमैन, ताला-हार्डवेयर व आर्टवेयर के लिए आधुनिक बिजनेस सेंटर बनाया जाए। देशभर के कारोबारी अलीगढ़ आएंगे, पर्यटन का विकास होगा। वहीं आभा रीजेंसी के निदेशक,अखिल गुप्ता, बोले होटल कारोबार को इंडस्ट्री का दर्जा मिलना चाहिए। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी बजट बढऩा चाहिए। अलीगढ़ होटल का हब बनता जा रहा है।
ऐतिहासिक इमारतों को सजाया संभाला जाए
होटल रमाडा चेयरमैन, विनोद गर्ग, ने कहा अंग्रेजों के जमाने के सराय एक्ट में होटल के पंजीकरण की व्यवस्था है। इसके परिवर्तन की जरूरत है। होटल का पंजीकरण उद्योग में हो। होटल ऑर्चिड ब्ल्यू निदेशक राजकुमार, ने भी कहा अलीगढ़ ब्रज के छोर पर स्थित है। पयर्टक मथुरा व आगरा के लिए आते हैं। ब्रज टूरिज्म सर्किट बना दिया जाए, अलीगढ़ के दार्शनिक स्थलों के लिए पर्यटक आएगा। अलीगढ़ में पर्यटन विभाग का कार्यालय विकसित किया जाए। ताकि यहां के धार्मिक व पौराणिक इमारतों की ठीक से देखभाल हो। होटल पामट्री के निदेशक,सरदार मनमीत सिंह का कहना है कि होटल इंडस्ट्रीज को विकसित करने के लिए सरकार ब्रज क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा दे। अलीगढ़ की ऐतिहासिक इमारतों को सजाया संभाला जाए।