गैराज में मरम्मत को खड़ी चार बसें धूं-धूं कर जलीं, दिल्ली कानपुर हाईवे पर मची अफरा-तफरी; एक चिंगारी बनी बड़ी तबाही
अलीगढ़ के गभाना में दिल्ली-कानपुर हाईवे पर एक गैराज में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से चार बसें जलकर खाक ...और पढ़ें

गभाना में गैराज में खड़ी बसों से उठतीं लपटें।
संवाद सूत्र, गभाना (अलीगढ़)। दिल्ली-कानपुर हाईवे पर महरावल पुल के पास गैराज में खड़ी चार बसें अचानक लगी आग लग गई, जिसमें चारों बसें धू-धूकर जल गईं। आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते चारों बसें जलकर खाक हो गईं घटना से हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। दोनों तरफ वाहनों का कतारें लग गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस व तीन थानों की दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब लोगों ने राहत की सांस ली।
बुलंदशहर निवासी जाकिर का हाईवे पर महरावल पुल के पास वाहनों की मरम्मत का गैराज है। उनके यहां पर विभिन्न संस्थानों की बसें मरम्मत के लिए खड़ी हुई थी। गुरुवार सुबह जाकिर एक बस में वेल्डिंग का काम कर रहे थे। तभी अचानक उठी चिंगारी से बस में आग लग गई।
जब तक उन्होंने अन्य लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया तब तक पास में ही खड़ी अन्य तीन बसों को भी आग ने चपेट में ले लिया। देखते ही देखते चारों बसें धू-धूकर जल उठी। हाईवे किनारे लगी आग और धुंए के गुबार देखकर वहां से गुजर रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने लोधा की तरफ से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कराया। गभाना के अलावा बन्नादेवी, हरदुआगंज की दमकल की कई गाड़ियों ने पहुंचकर मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक जट्टारी के बाबा कावेंट स्कूल की दो, हाथरस के पावना स्कूल की एक व एक निजी बस जलकर राख हो गई।
सीएफओ मुकेश कुमार व सीओ महेश कुमार ने घटनास्थल का मुआयना कर नुकसान का जायजा लिया। सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया वेल्डिंग करने के दौरान उठी चिंगारी से बसों में आग लगी है। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, पुलिस जांच कर रही है।
दूर खड़ी होती बसें तो शायद बच जाता नुकसान
गैराज में मरम्मत के लिए आईं बसें एक-दूसरे से पर्याप्त दूरी पर खड़ी होतीं तो शायद इतना बड़ा नुकसान होने से बच जाता। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैराज परिसर में जगह की कमी के कारण चारों बसें बिल्कुल सटकर खड़ी की गई थीं।
जब मैकेनिकों के काम करते समय निजी बस में अचानक चिंगारी उठी और आग लगी तो तंग जगह होने के कारण लपटों को फैलने का पूरा मौका मिल गया। चंद मिनटों में ही आग ने बगल में खड़ीं चारों बसों को भी चपेट में ले लिया।
स्कूली बस में बच्चों के होने की अफवाह से उड़े होश
हाईवे पर धू-धूकर जलती स्कूली बसों को देख किसी ने अफवाह फैला दी कि बसों के अंदर बच्चे सवार हैं। यह खबर फैली तो पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर राहगीरों के भी होश उड़ गए।
आनन-फानन में ग्रामीणों की भीड़ गैराज की तरफ दौड़ पड़ी। हालांकि मौके पर पहुंचकर स्पष्ट हुआ कि बसें खाली थीं और केवल मरम्मत के लिए खड़ी की गई थीं, तब जाकर अधिकारियों और लोगों ने राहत की सांस ली।
