अलीगढ़ एमएलसी चुनाव: मतदान शुरू, सुबह के वक्त बूथों पर कम दिखा उत्साह
अलीगढ़ में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान शुरू हो गया है, हालांकि शुरुआती घंटों में मतदाताओं ...और पढ़ें
-1792727466631_m.webp)
संत फिदेलिस स्कूल में स्नातक मतदेय स्थल पर पहुंचे मतदाता।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। हालांकि, शुरुआती घंटों में मतदाताओं का उत्साह कम नजर आया। रामघाट रोड स्थित संत फिदेलिस स्कूल में स्नातक निर्वाचन के बूथ पर सुबह के वक्त इक्का-दुक्का मतदाता ही वोट डालने पहुंचे। मतदान केंद्रों पर दिन चढ़ने के साथ मतदाताओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
जिले में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 67 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां 43,911 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 36,864 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 7,047 मतदाता शामिल हैं। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन ने व्यवस्थाएं की हैं।
स्नातक निर्वाचन के लिए 37 मुख्य और 11 सहायक मतदेय स्थल समेत कुल 48 मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन के लिए 19 मुख्य मतदेय स्थल निर्धारित हैं। निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए रिजर्व कार्मिकों सहित 296 मतदान कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है।
गुरुवार को नौरंगीलाल राजकीय इंटर कालेज से पोलिंग पार्टियां रवाना हुई थीं। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने मतदान कार्मिकों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता से मतदान कराने के निर्देश दिए थे।
पहचान के लिए निर्धारित दस्तावेज जरूरी
मतदान के लिए मतदाताओं को पहचान प्रमाणित करने के लिए निर्धारित दस्तावेज साथ रखने होंगे। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट और निर्धारित सरकारी पहचान-पत्र शामिल हैं। संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता नियमानुसार शैक्षिक संस्थान का सेवा पहचान-पत्र, विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र अथवा यूडीआइडी कार्ड से भी पहचान प्रमाणित कर सकते हैं।
मतदाता सूची में मामूली लिपिकीय या मुद्रण संबंधी त्रुटि होने पर भी पात्र मतदाता को मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, पीठासीन अधिकारी या मतदान अधिकारी अनुमन्य दस्तावेजों और उपलब्ध विवरण के आधार पर पहचान सुनिश्चित करेंगे। पहचान सही मिलने पर मतदान की अनुमति दी जाएगी।
स्नातक सीट पर 13, शिक्षक सीट पर 15 प्रत्याशी
आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 13 प्रत्याशी और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। स्नातक सीट पर भाजपा से डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह, सपा से शशांक, आजाद समाज पार्टी से दक्ष कुमार और स्वदेशी हिंद पार्टी से मतेंद्र सिंह गहलोत समेत निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। शिक्षक सीट पर भाजपा से हरि किशोर तिवारी और सपा से आकाश अग्रवाल सहित निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं।
