विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़-आगरा के बीच भरेंगे फर्राटा, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का काम हुआ शुरू; एक घंटे में होगी दूरी तय

By Krishna Chandra Dargarh Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 07 Oct 2026 11:52 PM (IST)

आगरा से अलीगढ़ के बीच 65 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जो दिसंबर 2028 ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। आगरा से अलीगढ़ के बीच ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का काम शुरू हो गया है। 65 किलोमीटर लंबा फोरलेन एक्सप्रेसवे 3200 करोड़ से बनाया जा रहा है। दिसंबर 2028 तक इसका निर्माण होना है। जिले की सीमा में पड़ियावली व बढ़ौली फत्तेखां से शुरू होकर सासनी कस्बे के बाहर हाथरस जिले की सीमा में होते हुए आगरा में खंदौली तक बनाया जाएगा।

अलीगढ़-आगरा हाईवे और अलीगढ़-मथुरा स्टेट हाईवे के बीच खेतों में होकर इसे बनाया जा रहा है। यह एक्सप्रेसवे खंदौली पर यमुना एक्सप्रेसवे और अलीगढ़ में दिल्ली-कानपुर हाईवे को भी जोड़ेगा। यह जिले का पहला ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे होगा।

अलीगढ़-आगरा हाईवे सासनी, हाथरस और सादाबाद होते हुए आगरा तक जाता है। 85 किलोमीटर लंबा मार्ग टू लेन है और इस पर टोल टैक्स लगता है। इस पर लगातार वाहनों का लोड बढ़ता जा रहा है। इसे फोरलेन करने की कई वर्षों से जरूरत समझी जा रही थी। इसे देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण फोरलेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण करा रहा है। इस एक्सप्रेसवे से आगरा पहुंचने में एक घंटे का समय लगेगा।

अभी करीब दो से ढाई घंटे का समय लगता है। पहले चरण में हाथरस के असरोई तक 28 किलोमीटर के हिस्से में काम चल रहा है। यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे आबादी से दूर खेतों में होकर निकाला जाएगा। आते-जाते समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोग हरियाली देखते हुए अच्छे सफर का अनुभव करेंगे। परियोजना निदेशक संदीप यादव ने बताया कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का काम चल रहा है। दो वर्ष में इसे पूरा कर लिया जाएगा।

यह होगा फायदा

अलीगढ़ और हाथरस जिले के कारोबारियों के अलावा नौकरीपेशा व अन्य लोगों का अक्सर आगरा आना-जाना रहता है। अलीगढ़ से सीधे आगरा जाने वाले वाहन सासनी और हाथरस शहर से बाहर होकर आ-जा सकेंगे। इससे समय बचेगा। इसके बनने से अलीगढ़-आगरा हाईवे पर भारी वाहनों और कारों का लोड कम हो जाएगा।

जिले में हो जाएंगे दो एक्सप्रेसवे

जिले में अलीगढ़-आगरा हाईवे, गाजियाबाद-कानपुर हाईवे, अलीगढ़-पलवल हाईवे गुजरते हैं। इसके अलावा छतारी (बुलंदशहर) से अतरौली होते हुए कासगंज तक और अलीगढ़-मथुरा तक दो स्टेट हाईवे हैं। यमुना एक्सप्रेसवे भी अलीगढ़ की सीमा में होकर गुजरता है। यह दूसरा एक्सप्रेसवे होगा।'