टाक्टे तूफान की वजह से अलीगढ़ में अलर्ट, चार दिन भारी बारिश के आसार Aligarh news
अत्यंत गंभीर श्रेणी के टाक्टे तूफान की वजह से अलीगढ़ में अलर्ट जारी हो गया है। मौसम विभाग ने इसे यलो जोन में रखा है। इसमें चार दिन तक जिले में भारी बारिश व बिजली गिरने का अनुमान है। प्रशासन ने इसके लिए गाइडलाइन जारी कर दी है।
अलीगढ़, जेएनएन । अत्यंत गंभीर श्रेणी के टाक्टे तूफान की वजह से अलीगढ़ में अलर्ट जारी हो गया है। मौसम विभाग ने इसे यलो जोन में रखा है। इसमें चार दिन तक जिले में भारी बारिश व बिजली गिरने का अनुमान है। प्रशासन ने इसके लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। लोगों से खुले में कम से कम रहने की सलाह दी है।
तेज बारिश के आसार
बुधवार के बाद गुरुवार को ज्यादा तेज बारिश होने का अनुमान है। तेज हवाओं के साथ तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज आने की उम्मीद है। मौसम विभाग की ओर से सूबे के सभी जिलों के लिए आदेश जारी किए गए हैं। इनमें सभी जिलों को अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है। अलीगढ़ जिला यलो श्रेणी में रखा गया है। इस आदेश के अनुसार आने वाले चार दिन तक ऐसे ही मौसम रहेगा। इस बीच घने बादल छाये रहेंगे तो बारिश भी होती रहेगी। 40 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की हवाएं चलेंगे। इससे तापमान भी नीचे रहेगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व व आपदा प्रबंधन अधिकारी विधान जायसवाल ने बताया कि शासन स्तर से मौसम विभाग के माध्यम से आकाशीय बिजली गिरने का पूर्वानुमान दिया गया है। ऐसे में जिले के सभी लोगों से अपील है कि कुछ दिन सुरक्षित स्थानों पर रहें। हर व्यक्ति अलर्ट रहे। अगर कहीं नुकसान की सूचना है तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं। पेड़ों के नीचे और खुले स्थान पर खुद को या मवेशियों को नहीं छोडें। गांव देहात के लोगों को तहसील स्तर से जागरुक किया जा रहा है। बारिश के चलते जहां भी जो नुकसान होगा, प्रशासन उसका आंकलन कराएगा। किसी भी व्यक्ति को घबराने की कोई जरूरत है।
मई में सावन की झड़ी
अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान का असर अलीगढ़ में दिख रहा है। कई दिनों से आसमान पर बादल छाए हुए थे। बुधवार को दिनभर सूरज नहीं निकला और झमाझम बारिश भी हुई। मई में सावन जैसे मौसम का अहसास हुआ। बारिश से वातारण में ठंडक हो गई, इससे लोगों को गर्मी से निजात मिली। अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज हुई, जो 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम का मिजाज कई दिनों से बदल रहा था। सप्ताहभर पहले जहां सूरज अपने तेवर दिखा रहा था। उमस से जनजीवन बेहाल था। वहीं, दो-तीन दिनों से आसमान पर बादल की आवाजाही व पछुवा हवा से कुछ राहत थी। अरब सागर में आए तूफान से यहां का मौसम भी प्रभावित होने लगा। सुबह लोग सोकर उठे तो ठंडक का अहसास हुआ। झमाझम बारिश ने मौसम को खुशगवार कर दिया। पंखे-कूलर बंद तक करने पड़े। बच्चों और बड़ों ने बालकनी में खड़े होकर बारिश का आनन्द लिया। विशेषज्ञ पहले ही बारिश की संभावना व्यक्त कर चुके थे। बहरहाल, मौसम सुहाना है और लोगों को गर्मी से निजात मिल गई है। आसमान पर दिनभर बादल छाए रहे और सूरज के दर्शन नहीं हुए। विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटे तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। इसके बाद आसमान साफ होने से तापमान में वृद्धि होगी। मई के अंतिम सप्ताह में अधिकतम तापमान 42 डिग्री व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। लिहाजा, बारिश और ठंडी हवा का लुत्फ उठाया जा सकता है।