आखिरकार अलीगढ़ में युवक ने खुद को क्यों मारी गोली ?
: थाना पिसावा क्षेत्र के गांव शादीपुर में ससुराल आए एक युवक ने खुद को गोली से उड़ा
अलीगढ़ : थाना पिसावा क्षेत्र के गांव शादीपुर में ससुराल आए एक युवक ने खुद को गोली से उड़ा दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के आने से पहले ही ससुरालीजन घर छोड़कर भाग गए। बाद में आधा घंटे बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। घटना के मूल में रुपयों के लेने-देन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में ले लिया है।
गाव खाजपुर जिला गौतमबुद्ध नगर के रहने वाले रंजीत सिंह पुत्र नौनिहाल सिंह (35) की शादी करीब 15 वर्ष पहले शादीपुर गांव के कंछीलाल की पुत्री से हुई थी। रंजीत की पत्नी की दस साल पहले मौत हो गई थी, लेकिन रंजीत का गाव शादीपुर में अपनी ससुलाल कंछीलाल के घर आना जाना बना हुआ था। शनिवार की शाम को रंजीत कंछीलाल के घर आया था। बताते हैं कि रंजीत ने शनिवार की रात घर की छत पर बीयर पी। इसके बाद रंजीत ने खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर घर और आसपास के लोग मौके पर आ गए। घर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। तभी किसी ने 100 नम्बर पर पुलिस को सूचना दे दी। इसकी जानकारी जब कंछीलाल के परिवार के सदस्यों को हुई तो सभी घर छोड़कर भाग गए। इधर जानकारी मिलने के आधा घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की पूरी जानकारी की। ग्रामीणों के अनुसार रंजीत के कंछीलाल पर कुछ रुपये उधार थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी के चलते वह परेशान हो गया और खुद को ही गोली मार ली होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।