अलीगढ़ में मछली पकड़ने गए युवक की चाकू मारकर हत्या, हमले में बहन भी जख्मी
जवां थाना क्षेत्र में रियाज कालोनी की घटना दो आरोपितों को पुलिस ने भेजा जेल।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : जवां थाना क्षेत्र की रियाज कालोनी में रविवार शाम को घर के पीछे बंबा में मछली पकड़ने गए युवक की तीन सगे भाइयों ने चाकू से हमलाकर हत्या कर दी। उसकी बहन को भी हाथ में चाकू मारा, जिससे वह जख्मी हो गई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सोमवार को दो भाइयों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। तीसरे की तलाश की जा रही थी।
रियाज कालोनी उर्फ बिहारी कालोनी निवासी समसुद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रविवार शाम साढ़े पांच बजे उसका बड़ा भाई 28 वर्षीय सद्दाम व बहन सायना घर के पीछे बंबा में मछली पकड़ रहे थे। मोहल्ले के ही तीन भाई गुलफाम, मुस्तफा व मुबारक भी वहां आ गए और बहन-भाई से मछली पकड़ने से मना करने लगे। इसी बात विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि तीनों भाइयों ने सद्दाम व सायना पर चाकू से हमला कर दिया। सद्दाम के पेट में चाकू लगा, सायना का हाथ जख्मी हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। ई-रिक्शा से घायलों को जेएन मेडिकल कालेज लाया गया, जहां सद्दाम की मौत हो गई। सायना का इलाज जारी है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया। सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे जवां थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह व एसआइ धर्मेश कुमार ने आरोपित मुस्तफा व मुबारक को हैवतपुर सिया गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चाकू भी बरामद किया गया है। दोनों को जेल भेज दिया है।
पत्थर मारने पर हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सायना मछली पकड़ रही थी। आरोपित पक्ष भी कुछ दूरी पर मछली पकड़ रहा था। आरोपित पक्ष ने पानी में उस जगह पत्थर मार दिया, जहां सायना मछली पकड़ रही थी। इससे मछली इधर-उधर हो गईं। इसका सायना ने विरोध किया तो कहासुनी हो गई। बहन को घिरता देख सद्दाम ने तीनों का विरोध किया था।
ई-रिक्शा से ले जाने के
दौरान निकला खून
सद्दाम को अस्पताल ई-रिक्शा लाया गया। अस्पताल पहुंचने में अधिक समय लगा। उसका काफी खून भी बह गया। सद्दाम के पेट में चाकू लगा था।
......
बंबा पर मछली पकड़ने के दौरान हुए विवाद में युवक व उसकी बहन पर चाकू से हमला किया गया था। इसमें युवक की मौत हो गई। मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार करजेल भेज दिया है।
श्वेताभ पांडेय, सीओ तृतीय