Breaking News : अलीगढ़ में जरा सी बात पर युवक ने कर दी पत्नी की हत्या
अलीगढ़ में थाना गभाना क्षेत्र में युवक ने जरा सी बात पर पत्नी की हत्या कर दी और खुद भाग गया। जानकारी मिलने पर बाद में पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी की।
अलीगढ़ जेएनएन: उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ में थाना गभाना क्षेत्र में युवक ने जरा सी बात पर पत्नी की हत्या कर दी और खुद भाग गया। जानकारी मिलने पर बाद में पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी की। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ़तार कर लिया है।
ऐसे हुई घटना
गभाना थाना क्षेत्र के गांव पला सल्लू में शुक्रवार को दंपती के बीच हुए विवाद में गुस्साए पति ने पत्नी को नुकीले हथियार से प्रहार कर मौत के घाट उतार डाला। गांव पला सल्लू निवासी गंगा सहाय बघेल गांव के ही ईट भट्टे पर चौकीदारी करता है। इंस्पेक्टर गभाना संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर में गंगा सहाय का 48 वर्षीय पत्नी सतीशनी देवी से विवाद हो गया। इसी विवाद में गंगा सहाय ने गुस्से में आकर पत्नी को नुकीले हथियार (सब्बल )से सिर पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया कुछ ही देर में महिला की मौके पर ही मौत हो गई । घटना के प्रत्यक्षदर्शी गंगा सहाय के बेटे मदन ने शोर मचाया तो पास पड़ोसी मौके पर आ गए। बकौल इंस्पेक्टर, घटना के बाद भाग रहे आरोपित पति गंगा सहाय को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पहली पत्नी की डिलेवरी के दौरान हो गई थी मौत
सतीशनी देवी, गंगा सहाय की दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी की डिलेवरी के दौरान मौत हो गई थी। दोनों से गंगा सहाय के पास पांच -पांच बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि सतीशनी देवी का मायका कासगंज के थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव नवादा में हैं। मायके पक्ष को खबर दे दी गई है और वे सीधे अलीगढ़ पोस्टमार्टम हाउस पर आ रहे हैं।