अलीगढ़ में एक युवक ने उड़ा दिए अधिकारियों के होश,जमकर हुआ पथराव
देहलीगेट क्षेत्र में शम्स प्लाजा के पास मंगलवार रात करीब 11 बजे बरात चढ़त दौरान दूसरे संप्रदाय के नशे में धुत युवक ने बरातियों पर स्कूटर चढ़ा दिया। इससे विवाद हो गया।
अलीगढ़(जेएनएन)। देहलीगेट क्षेत्र में शम्स प्लाजा के पास मंगलवार रात करीब 11 बजे बरात चढ़त दौरान दूसरे संप्रदाय के नशे में धुत युवक ने बरातियों पर स्कूटर चढ़ा दिया। इससे विवाद हो गया। बाद में स्कूटर सवार के समर्थन में आए पड़ोस के लोगों ने बरात पर पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। पथराव में दुल्हन की नानी समेत दो लोग घायल हो गए। महिलाओं से छेड़छाड़ करने, मोबाइल व नकदी लूटने का भी आरोप है। संवेदनशील इलाके में दो संप्रदायों के बीच हुई घटना ने पुलिस के भी होश उड़ा दिए। कई थानों के पुलिस के साथ अधिकारी पहुंच गए और पथराव करने वालों को खदेड़ा।
बरात पर हुआ पथराव
जलालपुर निवासी भूरी सिंह के बेटा लकी की शादी मंगलवार रात नगला मसानी निवासी कविता की बेटी सोनम से ऊपरकोट मार्ग स्थित बारहसैनी धर्मशाला में हो रही थी। रात करीब 11 बजे बरात चढ़ रही थी। शम्स प्लाजा के पास बरात चढ़त के दौरान स्कूटर सवार नशे में धुत दूसरे संप्रदाय का युवक आ गया। उसने बरातियों पर स्कूटर चढ़ा दिया तो कहासुनी हो गई। तब लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया। कुछ देर बाद ही स्कूटर सवार के समर्थन पड़ोस के भी कुछ लोग आ गए और बरात पर पथराव कर दिया। पथराव से भगदड़ मच गई। करीब दस मिनट तक रोड पर हंगामा होता रहा।
दुल्हन की नानी घायल
पुलिस ने पथराव करने वालों को खदेड़ा। पथराव में दुल्हन की नानी रज्जो, बरात में शामिल दस साल की बच्ची स्नेहा घायल हो गईं। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पथराव करने वालों पर बरातियों ने महिलाओं से छेड़छाड़, मोबाइल व नकदी लूटने का भी आरोप लगाया है। कविता घरों में काम करती हैं। उनकी बेटी की शादी मुहल्ले के लोगों के सहयोग से कराई जा रही थी। पथराव की खबर पाकर पूर्व मेयर शकुंतला भारती, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत समेत कई भाजपाई देहलीगेट थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुलिस से मांग की। इस घटना से इलाके में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति है।
नशे में चढ़ा दी थी स्कूटी
एसपी सिटी आशुतोष ने बताया कि नशे में धुत युवक ने बरातियों पर स्कूटी चढ़ा दी थी, इसे लेकर विवाद हो गया। पथराव में दो बच्चियों समेत तीन लोग घायल हुए हैैं। सीसीटीवी कैमरे के जरिये भी हमलावरों को चिह्नित किया जा रहा है।