Move to Jagran APP

अलीगढ़ की ऐतिहासिक नुमाइश का शानदार आगाज, उद्घाटन में नहीं पहुंचे जनप्रतिनिधि

अलीगढ़ की ऐतिहासिक नुमाइश (राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी) की रविवार को उत्साह के साथ शुरुआत हुई। मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने उद्घाटन किया। अधिकांश भाजपाइयों ने इस कार्यक्रम से दूरी बना ली।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Published: Mon, 21 Jan 2019 05:13 PM (IST)Updated: Mon, 21 Jan 2019 05:13 PM (IST)
अलीगढ़ की ऐतिहासिक नुमाइश का शानदार आगाज, उद्घाटन में नहीं पहुंचे जनप्रतिनिधि
अलीगढ़ की ऐतिहासिक नुमाइश का शानदार आगाज, उद्घाटन में नहीं पहुंचे जनप्रतिनिधि

अलीगढ़ (जेएनएन)। गंगा-जमुनी तहजीब की प्रतीक अलीगढ़ की ऐतिहासिक नुमाइश (राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी) की रविवार को उत्साह के साथ शुरुआत हुई। मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने फीता काटा और कबूतर उड़ाकर इसका उद्घाटन किया। अगर कुछ लोगों को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश भाजपाइयों ने इस कार्यक्रम से दूरी बना ली। पहली बार कोई भी जनप्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हुआ। हालांकि, अभी नुमाइश में तैयारियां भी आधी-अधूरी ही हैं। दुकानें तक नहीं सज पाई हैं।

loksabha election banner

गुब्बारे व कबूतर उड़ाए गए
तय समय से कुछ समय बाद ही मुख्य अतिथि मंडलायुक्त, श्रम एवं सन्निर्माण के चेयरमैन रघुराज प्रताप सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव आरपी सिंह यहां पहुंच गए। सबसे पहले मित्तल गेट पर फीता काटा गया और फिर  गुब्बारे व कबूतर उड़ाए गए। इसके बाद सभी अतिथियों ने कृषि व उद्योग कक्ष में लगी स्टॉल का भ्रमण किया।

फ्लैग मार्च व गार्ड ऑफ आनर दिया

गांधी चौराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया। दरबार हॉल में फ्लैग मार्च व गार्ड ऑफ आनर दिया गया। यहां फोटो प्रदर्शनी देखने के बाद अतिथियों ने कृष्णांजलि में दीप प्रज्ज्वलित किया। इस मौके पर मंडलायुक्त ने बताया कि नुमाइश का यह 138वां समारोह है। साथ ही उन्होंने लोगों से आयोजन को सफल बनाने के लिए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कृषि कक्ष में लगी स्टॉक की सराहना की।

जनप्रतिनिधि होते तो अच्छा होता

रघुराज सिंह ने कहा कि नुमाइश की शुरुआत अच्छी हुई है, लेकिन अगर यहां जनप्रतिनिधि भी होते तो काफी अच्छा रहता। उन्होंने प्रशासनिक अफसरों से हुई खामियों में सुधार के निर्देश दिए। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव आरपी सिंह ने कहा कि अलीगढ़ महोत्सव सांस्कृतिक धरोहर है। इसे जीवित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी एतिहासिक परम्पराओं से जुड़ी है। आने वाले दिनों में यह महोत्सव और भी भव्य होगा। एसएसपी आकाश कुलहरि ने नुमाइश में अधिक से अधिक पुलिस बल तैनात करने का आश्वासन दिया।

सीडीओ ने जताया आभार

संचालन सीडीओ दिनेश चंद किया। एडीएम सिटी एसबी सिंह ने आभार जताया। इस मौके पर एडीएम वित्त उदय सिंह, नगर आयुक्त सत्यप्रकाश पटेल, एसडीएम कोल जोगेंद्र सिंह,  एसडीएम खैर अरविंद प्रताप सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य राजीव अग्रवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शशि सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के सत्येंद्र पाल सिंह, तहसीलदार कोल गौतम सिंह, पीयूष साराभाई, संजीव सक्सेना, ज्ञानेश शर्मा, पुष्पेंद्र जादौन समेत अन्य मौजूद रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

कृष्णांजलि मंच पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान डॉ. यामीन सिंह के क्लासिकल नृत्य के छात्रों ने मन मोह लिया। बेटी-बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर केंद्रित नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही आर्यन डांस एकेडमी के बच्चों ने भी प्रस्तुत दी। सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह दिए गए। गांधी मूर्ति के निकट राजस्थानी डांस भी आकर्षण का केंद्र रहा।

नहीं आए जनप्रतिनिधि, खूब हुईं चर्चा

समारोह में सांसद, विधायक,  जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष शामिल नहीं हुए। अधिकांश भाजपाई भी नहीं आए। इसे लेकर लोगों में काफी चर्चाएं रहीं। कुछ लोगों ने प्रशासन द्वारा किए जा रहे खर्च पर भी सवाल उठाए।

महाकवि गोपाल दास नीरज की प्रतिमा अनावरण

उद्घाटन के मौके पर मंडलायुक्त ने नीरज शहरयार पार्क में महाकवि गोपालदास नीरज की मूर्ति का अनावरण किया। नीरज के बेटे मिलन प्रभात गुंजन ने इसके लिए प्रशासन की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि उनके पिता की मौत को महज छह महीने  हुए हैं, लेकिन प्रशासन ने इतने कम समय अंतराल में ही मूर्ति लगाकर सच्ची श्रद्धांजलि दी है।

पहली रात नहीं दिखी रौनक

नुमाइश के उद्घाटन के बाद पहली रात पूरी तरह से फीकी रही। लाइटें तो जल गईं, लेकिन परिसर में लोग नजर नहीं आए। हालांकि, अभी पूरी तरह से दुकानें भी नहीं सज पाई हैं। झूलों का काम भी अधर में लटका हुआ। सर्कस भी लग रहा है। औद्योगिक कक्ष में भी स्टॉल लग रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.