विधानसभा चुनाव के लिए अलीगढ़ में बने 94 नए बूथ
जिला निर्वाचन विभाग के प्रस्ताव पर आयोग ने लगाई अंतिम मुहर व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : विधानसभा चुनाव 2022 के लिए जिले में 92 नए बूथ बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन विभाग के प्रस्ताव पर चुनाव आयोग ने मुहर लगा दी है। ऐसे में अब अगले साल जिले में कुल 3117 बूथों पर वोट पड़ेंगे। 2017 में 3023 बूथों पर चुनाव हुआ था। कोरोना काल को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अब एक बूथ पर अधिकतम मतदाताओं की संख्या 1200 निर्धारित हुई है। पहले यह संख्या 1500 तक होती थी।
2017 के विधानसभा चुनाव में 1500 मतदाताओं पर एक बूथ का गठन हुआ था, लेकिन अब कोरोना संक्रमण के चलते आयोग काफी सतर्कता बरत रहा है। अगले साल 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अब चुनाव की तैयारी शुरू हो गई हैं। आयोग ने पिछले दिनों एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाताओं के हिसाब से गठन का निर्देश दिए थे। निर्वाचन विभाग ने इसके लिए जिले भर में सर्वे कराया। सर्वे में 1200 से मतदाताओं से अधिक संख्या वाले बूथों को अन्य बूथों में शामिल किया गया। इस हिसाब से कुल 94 नए बूथ बने हैं। इसके बाद निर्वाचन विभाग ने स्थानीय स्तर पर इनका प्रकाशन किया। इसमें दावे एवं आपत्ति मांग गए। इसके बाद अंतिम प्रकाशन कर सूची चुनाव आयोग में भेजी गई है। वहां से अब इन पर अंतिम मुहर लग गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल 3117 बूथों पर चुनाव होगा। इनमें खैर विधानसभा क्षेत्र में 455, बरौली विधानसभा क्षेत्र में 446, अतरौली विधानसभा क्षेत्र में 478, छर्रा विधानसभा क्षेत्र में 447, कोल विधानसभा क्षेत्र में 425, अलीगढ़ में 391, शहर विधानसभा क्षेत्र में 475 बूथ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब जल्द ही मतदाता सूची पुनरीक्षण का अभियान शुरू होगा। फिलहाल, इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन की एफएलसी का काम चल रहा है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।