National Unemployed Day: अलीगढ़ में यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष समेत 15 कांग्रेसी गिरफ़तार
उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ में राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के मौके पर यूथ कांग्रेसियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।
अलीगढ़ जेएनएन: उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ में राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के मौके पर यूथ कांग्रेसियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। बढ़ती बेरोजगारी को लेकर कांग्रेसियों ने तस्वीर महल चौराहे पर जमकर प्रदर्शन किया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान हुए हंगामे के चलते कांग्रेसियों की पुलिस से नोकझोंक हुई। पुलिस ने यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत 15 कांग्रेसियों को गिरफ़तार कर लिया है।
ऐसे हुआ प्रदर्शन
यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव गौरांग देव चौहान एवं जिलाध्यक्ष कपिल शर्मा ने गुरुवार को जीटी रोड स्थित सम्राट लाज पर कार्यक्रम आयोजित करने का एलान किया था। मुख्य अतिथि व यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ओमवीर सिंह यादव भी तय समय पर पहुंच गए। जिला प्रशासन ने आयोजन की अनुमति पहले ही नहीं दी थी। इसके बाद कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन का एलान कर दिया। कार्यकर्ता कोल तहसील पर एकत्रित हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट के लिए जुलूस के रूप में जैसे ही तस्वीर महल पर पहुंचे। पहले से मौजूद फोर्स ने कलक्ट्रेट की ओर जाने से रोक दिया। प्रदर्शनकारी सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस से भिड़ने के लिए उतारू हो गए। जेल व गिरफ्तारी देने के लिए अड़ गए। पुलिस ने ओमवीर यादव समेत 15 कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ़तार कर पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन में नजरबंद किया है।