Attempt to Kill: सरेआम हत्या की धमकी देकर सिरफिरे ने काटा किशोरी का गला
Attempt to Kill एत्माद्दौला थाना क्षेत्र की घटना जबरन शादी का बना रहा था दबाव। इंकार करने पर एक सप्ताह पहले दी थी हत्या की धमकी।
आगरा, जागरण संवाददाता। लॉकडाउन में पुलिस की सख्ती हर तरफ है। ऐसे में भी जान से मारने का ऐलान करने के बाद सिरफिरे युवक ने सरेआम किशोरी का गला काट डाला। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम को सिरफिरे ने शादी से मना करने पर किशोरी का गला काट दिया। लहूलुहान हालत में किशोरी को लेकर बस्ती के लोग आरोपित के घर पहुंच गए। उसे घर से दबोचने के बाद लोगों ने जमकर पीट दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। किशोरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एत्माद्दौला थाना क्षेत्र की रहने वाली अल्पसंख्यक समुदाय किशोरी के पिता की दो महीने पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। वह भाई और मां के साथ रहती है। उसकी बस्ती का रहने वाला सौरभ सिकरवार एक साल से किशोरी पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था। किशोरी ने उससे शादी करने से मना कर दिया। आरोपित द्वारा परेशान करने पर इसकी शिकायत उसके परिवार के लोगों से भी कर दी। इस पर सौरभ ने एक सप्ताह पहले उसे जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने अपने भाई को सौरभ की धमकी के बारे में बताया। परिवार के लोग बदनामी के डर से पुलिस के पास शिकायत करने नहीं गए।
बुधवार की रात आठ बजे किशोरी मिलने आयी पड़ोसी की बेटी को उसके घर छो़ड़ने गयी थी। घर लौटते समय रास्ते में सिरफिरा सौरभ सिकरवार मिल गया। उसने किशोरी को दबोच लिया, उससे मारपीट करने लगा। किशोरी ने शोर मचाने का प्रयास किया तो सिरफिरे ने चाकू से हमला बोल दिया। किशोरी के गले पर ताबड़तोड़ प्रहार करके लहूलुहान करके भाग गया।वह खून से लथपथ हालत में घर पहुंची।परिवार और बस्ती के लोगों को घटना की जानकारी दी। वह उसे लेकर आरोपित सौरभ के घर पहुंच गए। जानकारी होने पर सीओ छत्ता उदयराज सिंह और इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह मलिक मौके पर पहुंच गए। उन्होने आरोपित सौरभ को गिरफ्तार कर लिया। घायल किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
दोबारा हमला बोलने से पहले दबोचा सिरफिरा
बस्ती के लोग घायल हालत में किशोरी को लेकर आरोपित के घर पहुंचे।बस्ती वालो के अनुसार सौरभ किशोरी पर चाकू लेकर दोबारा हमला करने के लिए दौड़ पड़ा। इस पर लोगों ने आरोपित को दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई लगा दी। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते बड़ी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंच गया।
नाले में फेंक दिया चाकू
रास्ते में किशोरी पर हमला करने के बाद आरोपित ने अपना चाकू से नाले में फेंक दिया था। पूछताछ करने पर सौरभ ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।पुलिस ने चाकू को बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपिपत ने चाकू सड़कों के किनारे रहने वाले किसी लौहपीटा से बनवाया था।