Move to Jagran APP

World Heritage Day: ताजमहल के शहर में हैं कई और ऐतिहासिक इमारतें, पर्यटकों के आकर्षण के लिए सहेज सकते हैं इन्‍हें भी

आगरा में ताजमहल आगरा किला फतेहपुर सीकरी हैं विश्व धरोहर। अन्य स्मारकों पर विभाग का कम ध्यान पर्यटक भी आते हैं यहां कम। सिकंदरा एत्माद्दौला मेहताब बाग राम बाग मरियम टाॅॅम्ब जैसे कई स्मारक हैं। कोरेाना काल में हैं अभी सभी स्मारक बंद।

By Prateek GuptaEdited By: Published: Sun, 18 Apr 2021 09:32 AM (IST)Updated: Sun, 18 Apr 2021 09:32 AM (IST)
World Heritage Day: ताजमहल के शहर में हैं कई और ऐतिहासिक इमारतें, पर्यटकों के आकर्षण के लिए सहेज सकते हैं इन्‍हें भी
आगरा में ताजमहल के अलावा भी कई और दर्शनीय स्‍मारक हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। विश्व धरोहरों के शहर में अन्य धरोहरें उपेक्षित हो रही हैं। ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी तक ही पर्यटक सिमटकर रह गए हैं। विश्व धरोहर स्थलों के समान अन्य स्मारकों पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) का भी उचित ध्यान नहीं है। उचित प्रचार-प्रसार के अभाव में यहां पर्यटक भी नहीं जाते। सरकार के स्तर से भी कोई प्रयास वर्षों से नहीं किया गया है।

loksabha election banner

आगरा में तीन विश्व धरोहर स्थल ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी हैं। यूनेस्को ने वर्ष 1983 में ताजमहल व आगरा किला और वर्ष 1987 में फतेहपुर सीकरी को विश्व धराेहर स्थल घोषित किया था। आगरा में इन तीनों स्मारकों के अलावा सिकंदरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग, राम बाग, मरियम टाॅॅम्ब जैसे कई स्मारक हैं। कोरेाना काल में सभी स्मारक बंद हैं, लेकिन ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी के इर्द-गिर्द ही आगरा का पर्यटन सिमटकर रह गया है। सिकंदरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग, राम बाग, मरियम टाम्ब पर कोरोना काल से पूर्व बहुत कम पर्यटक पहुंचते रहे हैं। इसकी वजह इन स्मारकों का उचित प्रचार-प्रसार नहीं किया जाना और उनकी उपेक्षा किया जाना है। जबकि सिकंदरा और एत्माद्दौला तो विश्व धरोहर घोषित होने की कतार में वर्षों से हैं। एएसआइ भी विश्व धरोहर स्थलों की अपेक्षा अन्य स्मारकों पर कम ध्यान देता है। यही वजह है कि सिकंदरा लंबे वक्त से संरक्षण की राह देख रहा है।

लगातार दूसरे वर्ष बंद हैं वर्ल्ड हेरिटेज डे पर स्मारक

वर्ल्ड हेरिटेज डे प्रतिवर्ष 18 अप्रैल को मनाया जाता है। कोरोना काल से पूर्व वर्ल्ड हेरिटेज डे पर स्मारकों में पर्यटकों को निश्शुल्क प्रवेश दिया जाता था। पिछले वर्ष लाॅॅकडाउन के चलते स्मारक 18 अप्रैल को बंद रहे थे। इस वर्ष स्मारक 15 मई तक के लिए बंद कर दिए गए हैं।

विश्व धरोहर स्थल होने से ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी अधिक संख्या में पर्यटक आते हैं। एएसआइ को अन्य स्मारकों के संरक्षण पर भी ध्यान देना चाहिए, जिससे वो भविष्य में भी सुरक्षित बने रहें।

-शमसुद्दीन, अध्यक्ष एप्रूव्ड टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन

आगरा में स्थित तीन विश्व धरोहर स्थलों में से केवल ताजमहल पर ही सबका ध्यान रह गया है। ताजमहल देखकर ही बहुत से पर्यटक चले जाते हैं। कोरोना काल के बाद अन्य स्मारकों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

-राजेश शर्मा, सचिव टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.