पीएम के जाते ही फूटा नगर निगम कर्मियों का गुस्सा, मारपीट के खिलाफ भड़के
आगरा में नगर निगम कर्मचारियों के साथ लगातार मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। पीएम के दौरे के चलते अधिकारी उन्हें शांत कर रहे थे। गुरुवार को गुस्सा फूट पड़ा।
आगरा, जागरण संवाददाता। नगर निगम कर्मचारियों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के निपटने के साथ ही कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। गुरुवार की सुबह पहले नगर निगम के वर्कशॉप से कूड़ा उठाने वाले वाहन बाहर नहीं निकलने दिए। इधर दोपहर बाद एक अन्य विवाद के बाद कर्मचारियों ने एमजी रोड पर जाम लगा दिया।
विगत तीन दिन से महानगर में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के चलते नगर निगम की टीम को सफाई व्यवस्था में लगाया गया था। दिन रात सफाई चल रही थी। इस बीच ही दो-तीन मामले ऐसे हुए कि कर्मचारियों की पिटाई कर दी गई। आक्रोशित कर्मचारियों को किसी तरह अधिकारियों ने समझाकर शांत होने के लिए कहा। बुधवार को कोठी मीना बाजार स्थल में पीएम की सभा होने के बाद गुरुवार को नगर निगम के कर्मचारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित वर्कशॉप पर ताला डाल दिया। इससे सभी लोडर और कचरा उठाने वाले ट्रक बाहर नहीं निकल पाए। पूरे शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर रखे रह गए। कहीं से भी कचरे का उठान नहीं हुआ।
यह मामला चल ही रहा था तभी धांधूपुरा में नगर निगम की जमीन को लेकर कर्मचारियों का विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं से टकराव हो गया। सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला के साथ अभद्रता होने पर कर्मचारी भड़क गए और एमजी रोड पर आकर जाम लगा दिया। दोपहर करीब एक बजे शुरू हुए जाम के चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई। कर्मचारी मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर अड़े थे। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स भी पहुंच गया है।