शाबाश! महिलाओं ने ऐसा सिखाया सबक कि थाने में करने लगा उठक बैठक
ताजगंज क्षेत्र की घटना, जबरन ऑटो में डालकर ले जा रहा था। महिलाओं ने पीटकर पुलिस को सौंपा, करने लगा विक्षिप्त जैसी हरकतें।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज क्षेत्र में मंगलवार को घर लौट रही छठवीं की छात्रा को शोहदे ने उठाकर ले जाने का प्रयास किया। विरोध पर मारपीट करके कपड़े फाड़ दिए। महिलाओं ने घेराबंदी करके आरोपित दबोच लिया। चप्पलों से उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। थाने में पहुंचते ही विक्षिप्त जैसी हरकतें करने लगा।
घटना मंगलवार शाम साढ़े चार बजे की है। बारह वर्षीय बालिका दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। आरोपित राजू ने उसे दबोच लिया। उसे पास खड़े लोडिंग ऑटो में डालकर ले जाने की कोशिश करने लगा। छात्रा ने शोर मचाया तो उससे मारपीट करने लगा। कपड़े फाडऩे के साथ उसका मुंह दबा लिया। छात्रा ने उसके हाथ में काट लिया। शोहदे की पकड़ ढीली पडऩे पर छात्रा ने शोर मचा दिया।
इस पर आसपास की महिलाएं वहां जुट गईं। उन्होंने आरोपित को घेराबंदी करके दबोच लिया। उसने छात्रा की मां से मारपीट करने का प्रयास किया तो महिलाएं भड़क गईं। उसकी पिटाई लगाने के बाद पुलिस को सौंप दिया। थाने पहुंचते ही आरोपित विक्षिप्त जैसी हरकतें करने लगा। पुलिसकर्मियों से भी अपशब्द कहने लगा। इंस्पेक्टर डॉ. विनोद कुमार पायल ने बताया आरोपित राजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पहले भी कई बार कर चुका है हरकत
बस्ती की महिलाओं का कहना था कि आरोपित राजू पहले भी कई लड़कियों से छेड़छाड़ कर चुका है। मगर परिजनों द्वारा माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया था।