घर और नौकरी के तनाव को महिलाएं इस उपाए से कर रहीं छूमंतर
कामकाजी महिलाएं अब जिम के बजाए योग के लिए समय निकाल कर इस समस्या से निजात पा रहीं हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। कामकाजी महिलाओं को घर की भी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। ऐसे में समय की कमी की वजह से वे अपनी फिटनेस पर ध्यान नहीं दे पाती हैं। अब योग को अपनी जीवन शैली का हिस्सा बनाकर तनाव और शारीरिक बीमारियों को खुद से दूर रख रही हैं।
इन दिनों कामकाजी महिलाओं में कई तरह की शारीरिक परेशानियां कम उम्र में ही देखने को मिल रही हैं। दरअसल, इसकी वजह है फिटनेस-हेल्थ पर ध्यान न देना। लेकिन कामकाजी महिलाएं अब जिम के बजाए योग के लिए समय निकाल कर इस समस्या से निजात पा रहीं हैं। योग वेलनेस सेंटर के योग प्रशिक्षक डॉ केपी सिंह ने बताया कि कामकाजी महिलाओं में तनाव की समस्या भी ज्यादा देखने को मिलती है। ऐसे में उनमें सिरदर्द की शिकायत अकसर होती है। इतना ही नहीं बिगड़ी जीवनशैली के कारण, उन्हें तरह-तरह की अन्य समस्याएं भी बनी रहती हैं, जैसे शरीर में सही तरह से रक्त संचार न होना, पाचन तंत्र में गड़बड़ी का होना। इन बीमारियों से निपटने के लिए महिलाओं को सूर्य नमस्कार, सुप्त वज्रासन, सर्वांगासन, धनुरासन, उत्तानासन, सुबह-शाम योगनिद्रा और शवासन करने चाहिए। इनसे उनकी जीवनशैली तो संतुलित होगी ही, साथ ही बीमारियों से भी छुटकारा मिलेगा।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
कामकाजी महिलाएं अब जिम के बजाए योग को प्राथमिकता दे रही हैं। योग से तनाव दूर रहने के साथ शारीरिक समस्याओं से भी आराम मिल रहा है।
डॉ के. पी. सिंह, योगाचार्य
लड़कियों-युवतियों के लिए योग
किशोर उम्र की लड़कियों और युवतियों के लिए सूर्यासन यानी सूर्य नमस्कार एक उपयोगी योगासन है। जो युवतियां सुडौल शरीर की चाहत रखती हैं, वे उदरासन कर सकती हैं। अपनी काया निखारने हेतु उन्हें सर्वागासन भी करना चाहिए। इससे पूरे शरीर का व्यायाम होता है और पूरी काया में निखार आता है। युवतियों के लिए प्राणायाम करना भी काफी कारगर है। जो युवतियां कामकाजी हैं, उन्हें प्राणायाम जरूर करना चाहिए, इससे थकान दूर होती है।
तनाव से आराम
आजकल कामकाजी महिलाओं का ज्यादातर समय कम्प्यूटर स्Rीन के सामने ही गुजरता है। ऐसे में उन्हें शारीरिक और मानसिक समस्या आसानी से जकड़ लेती हैं। ऐसी स्थिति में कामकाजी महिलाएं कपालभाति, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार, पवन मुक्तासन, मकरासन, भुजंगासन, सर्वांगासन, धनुरासन, वीरासन आदि से मन को शांत रख रही हैं।
दर्द से राहत
जिन महिलाओं को ज्यादातर झुककर या बैठकर काम करना पड़ता है, उनकी पीठ में, मांसपेशियों में अक्सर तनाव या कड़ापन बना रहता है। उन्हें अन्य महिलाओं की तुलना में दर्द की शिकायत भी ज्यादा होती है। ऐसे में योग करना काफी फायदेमंद होता है।