महिला सुरक्षा के दावे हुए बेजा
आगरा(जागरण संवाददाता): एंटी रोमियो स्क्वाड सड़कों पर है। पुलिस भी महिला और बच्चियों के
आगरा(जागरण संवाददाता): एंटी रोमियो स्क्वाड सड़कों पर है। पुलिस भी महिला और बच्चियों के प्रति होने वाली घटनाओं को लेकर गंभीरता के दावे कर रही है। इसके बाद भी छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ रही हैं। कहीं कोचिंग से लौटते समय शोहदे छात्रा से छेड़छाड़ करते हैं तो कहीं विरोध करने पर मारपीट तक कर रहे हैं। महिला रंगकर्मी को एक युवक अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहा है तो एक महिला पड़ोसियों की हरकतों से तंग है। शहर में चौबीस घंटे में हुई किशोरियों और महिलाओं के साथ घटनाएं यह सोचने पर मजबूर कर रही हैं कि यह सिस्टम की नाकामी है या दूषित होते समाज का असर?
वारदात नंबर- एक:
एत्माद्दौला क्षेत्र की एक छात्रा बुधवार को घर से कोचिंग जा रही थी। तभी पड़ोसी हेमंत और मनोज ने उसे रोक लिया। उससे छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने उठाकर ले जाने की धमकी दी। छात्रा ने घर जाकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद मां ने आरोपितों के खिलाफ छेड़छाड़ और गाली गलौज की धारा में मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपितों की अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
वारदात नंबर- दो:
एत्माद्दौला क्षेत्र की एक किशोरी बुधवार शाम पांच बजे कोचिंग से पढ़कर घर जा रही थी। रास्ते में उसे बालाजी नगर निवासी मोनू गुप्ता ने रोक लिया। उससे छेड़छाड़ करने लगा। किशोरी ने विरोध किया तो आरोपित ने उसका हाथ पकड़कर खींच लिया और उसके गाल पर तमाचा भी मार दिया। आरोपित ने किशोरी के चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी भी दी। रोती हुई किशोरी घर पहुंची और परिजनों को पूरा मामला बताया। इसके बाद किशोरी के पिता ने आरोपित के खिलाफ एत्माद्दौला थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपित अभी फरार है। वारदात नंबर- तीन:
शहर की एक महिला रंगकर्मी ने बुधवार को एसपी सिटी से शिकायत की। उसका आरोप है कि एक युवक की हरकतों से वह परेशान है। एक कार्यक्रम में उसने मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद वह अश्लील मैसेज कर परेशान करता है। एसपी सिटी ने जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
वारदात नंबर-चार:
एत्माद्दौला क्षेत्र की एक महिला ने डीजीपी और मुख्यमंत्री के ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर अपना वीडियो भी अपलोड किया है। उसका कहना है कि तीन दिन पहले वह भगवान टॉकीज से घर आ रही थी। तभी सीता नगर के चार युवकों ने उससे छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने एनसीआर लिखकर काम खत्म कर लिया। उसने कार्रवाई न होने पर खुदकुशी करने का एलान किया है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मारपीट के मामले में महिला के सिर में चोट लगी थी। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वारदात नंबर- पांच:
ताजगंज क्षेत्र के एक ग्राम प्रधान की भाभी से युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। बुधवार की दोपहर महिला घर के दरवाजे पर आई तो नरेंद्र और सूरज उसे देखकर सीटी बजाने लगे। महिला के विरोध करने पर आरोपितों ने घर में घुसकर उसका हाथ पकड़ अश्लील हरकत कर दी। जानकारी होने पर ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचा तो आरोपितों ने उसकी धुनाई लगा दी। इंस्पेक्टर ताजगंज विनोद कुमार पायल के मुताबिक सूरज और नरेंद्र समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।