अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस विशेष: आरती ने दिया सिग्नल तो अनीता ने दौड़ाई जोधपुर हावड़ा एक्सप्रेस
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भारतीय रेल ने जताया महिलाओं पर भरोसा। टूंडला से इलाहाबाद तक महिलाओं से कराया ट्रेन का संचालन।
आगरा, जेएनएन। किसी दिवस की बंदिशों में नहीं बंधी हूं मैं, बस कुछ दायरों में नहीं सिमटी हूं मैं। वजूद को मेरे किसी सम्मान की नहीं दरकार, अपने अस्तित्व को हर पल में स्वयं कर रही मैं साकार। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानि नारी शक्ति का दिवस। सदियों से खुद के वजूद को दुनिया के सामने साबित करती रही आधी आबादी आज भी अपने संकल्प पर कायम है।
शुक्रवार सुबह अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर फीरोजाबाद के टूंडला में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए रेल प्रशासन ने उनसे ट्रेन का संचालन कराया तो महिलाओं ने इस कार्य को कुशलता के साथ पूर्ण भी किया। सुबह करीब आठ बजे ट्रेन चालक अनीता राय व गार्ड के रूप में आरती जोधपुर- हावड़ा एक्सप्रेस लेकर इलाहाबाद के लिए रवाना हुई। ट्रेन चलाने से पहले, दोनों को रेल अधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं। महिला रेल कर्मियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। ट्रेन चालक व गार्ड का इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक अमिताभ कुमार द्वारा स्वागत किया जाएगा। रेल परेशान आज महिला कर्मचारी से कंट्रोल ऑफिस में डिजिटल बोर्ड संचालित करने की भी तैयारी कर रहा है। कौन महिला कंट्रोल में ट्रेनों का संचालन करेगी ये अभी तय नहीं है। जल्द ही नाम की घोषणा की जाएगी। रेल प्रशासन की मुहिम को लेकर महिला रेल कर्मचारी उत्साहित है, ट्रेनों में सहायक चालक व गार्ड के रूप में महिला कर्मचारी लम्बे समय से सेवाएं दे रही हैं।