65 की रफ्तार से आई आंधी, झमाझम हुई बारिश
20 मिनट हुई बारिश मौसम हुआ खुशनुमा 1.2 एमएम हुई बारिश तापमान में मामूली गिरावट
आगरा, जागरण संवाददाता। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच बुधवार शाम को मौसम बदल गया। घने बादल छा गए, 65 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने लगी। इसके साथ ही झमाझम बारिश होने लगी, 20 से 25 मिनट तक तेज बारिश हुई। मौसम खुशनुमा हो गया, हालांकि, तापमान में मामूली गिरावट आई है।
सुबह से ही तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलती रहीं, दोपहर 12 बजे के बाद धूप तेज हो गई। गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया, शाम चार बजे के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा। बादल छाने लगे, पांच बजे के बाद काले घने बादल छा गए। धूल भरी आंधी चलने लगी, शाम 5.20 बजे झामझम बारिश शुरू हो गई। कमला नगर, दयालबाग, बल्केश्वर, जीवनी मंडी, विजय नगर, एमजी रोड पर 20 से 25 मिनट तेज बारिश हुई। आवास विकास, सिकंदरा सहित कई क्षेत्रों में 15 से 20 मिनट तक बारिश हुई। 5.40 बजे तेज बारिश बंद हो गई और बूंदाबांदी होने लगी। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम खुशनुमा हो गया। 20 से 25 मिनट में 1.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई, अधिकतम 65 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली। अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया, यह मंगलवार को 43.1 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया।
सुबह तेज धूप, शाम को आंधी के साथ छा सकते हैं बादल
मतगणना से एक दिन पहले बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सुबह तेज धूप निकलने के साथ गर्म हवाएं चलेंगी। वहीं, शाम को आंधी चलने के साथ बादल छा सकते हैं। मगर, यह थोड़ी देर के लिए होगा। ये रहा हाल
आंधी की रफ्तार - 65 किलोमीटर प्रति घंटा
20 से 25 मिनट में हुई बारिश - 1.2 एमएम