UP Assembly by Poll: टूंडला का किला बचाने के लिए भाजपा ने तैयार की है ये गहन रणनीति
ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने डाला डेरा प्रचार के लिए क्षेत्र और जाति विशेष के नेताओं की ड्यूटी। पार्टी के कद्दावर नेताओं के अलावा क्षेत्र में अच्छे ताल्लुक रखने वालों को नेताओं को भी दी गई है जिम्मेदारी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही आकर कर चुके हैं जनसभा।
आगरा, राजीव शर्मा। टूंडला विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में अपना किला बचाए रखने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। फीरोजाबाद ही नहीं, आसपास के जिलों के बड़े नेताओं के कार्यक्रम लगाए जा रहे हैं। वरिष्ठ नेताओं की बैठकें कराई जा रही हैं। भाजपा की कोशिश है कि ठाकुर, ब्राह्मण के अलावा जाटव, लोधी, निषाद, पाल, बघेल समाज पूर्व की भांति उनसे जुड़ा रहे। ये किसी भी कीमत पर खिसकना नहीं चाहिए। इसके लिए इन्हीं के समाज के नेताओं को इनके क्षेत्रों में प्रचार की कमान दी जा रही है।
आगरा के जनप्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों व क्षेत्रीय नेताओं को उपचुनाव में जीत का रास्ता बनाने के लिए ब्रजक्षेत्र रजनीकांत माहेश्वरी ने वहां डेरा डाल दिया है। कहते हैं, उन्हें सभी समाज का समर्थन मिल रहा है। लोग मोदी-योगी सरकार की नीतियों से प्रभावित हैं। सभी का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। ऐसे में उनके प्रत्याशी को जीत दिलाने से कोई नहीं रोक सकता। वैसे भी हर बूथ पर हमारे कार्यकर्ता हैं। वह सक्रिय हैं। पार्टी प्रत्याशी के लिए वोट डलवाने के लिए वह अभी से जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। हमारी शक्ति हमारे कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि अभी कुछ बड़ी बैठकें होंगी। इसमें कई बड़े नेता आएंगे। उनका कहना है कि जीत का अंतर मतदान प्रतिशत पर निर्भर है।
2017 विधानसभा चुनाव परिणाम
1,18,584 वोट भाजपा प्रत्याशी प्रो. एसपी सिंह बघेल को मिले थे।
62,514 वोट बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी राकेश बाबू को मिले थे।
54,888 वोट समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी शिव सिंह चक को मिले थे।