महिलाओं का तनाव मुक्त रहना आवश्यक: डा. दिनेश राठौर
मिशन शक्ति के अंतर्गत आगरा कालेज एनसीसी विग ने तीसरे दिन भी किया वेबिनार
आगरा, जागरण संवाददाता। नारी सशक्तीकरण के लिए महिलाओं को भौतिक, आर्थिक, राजनीतिक, मनोवैज्ञानिक, बौद्धिक, भावुक व कानूनी रूप से सशक्त होना आवश्यक है। इसके लिए महिलाओं को तनाव से मुक्त रहना होगा। यह कहना था मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के चिकित्सा अधिकारी डा. दिनेश राठौर का। वे आगरा कालेज के एनसीसी द्वारा मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत तीसरे दिन मनोवैज्ञानिक मुद्दे एवं सामाजिक समस्याएं विषय पर आयोजित वेबिनार में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रकृति ने पुरुष व महिलाओं को अलग-अलग क्षमताएं दी हैं। महिलाओं पर परिवार और बच्चों की देखभाल करने का अतिरिक्त भार होता है और उन्हें इन सभी भूमिकाओं में अपने आप को फिट रखने की चुनौती होती है। इस कार्य को करते-करते उनमें तनाव आ जाता है। अपनी क्षमताओं को पूर्ण रूप से प्रयोग करने के लिए उन्हें तनाव मुक्त रहना आवश्यक है। इसके लिए उन्हें बीच-बीच में अपने लिए समय अवश्य निकालना चाहिए। नियमित व्यायाम से शरीर में विभिन्न प्रकार के हार्मोन का स्त्राव होता है, जो मस्तिष्क को प्रसन्नता देता है। उन्हें उचित आहार व नींद लेनी चाहिए। अच्छे कपड़े पहनने चाहिए, मेडिटेशन करना चाहिए, इससे तनाव से मुक्ति मिलती है। अतिथियों का स्वागत फ्लाइट लेफ्टिनेंट विजय कुमार सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन एनसीसी आर्मी विग के लेफ्टिनेंट अमित अग्रवाल ने दिया। कार्यक्रम की भूमिका सार्जेंट तनिष्का माथुर ने रखी। संचालन फ्लाइट कैडेट सृष्टि सेमवाल एवं कैडेट मेहविश ने संयुक्त रूप से किया। डा. रचना सिंह, डा. अनुराधा नेगी, एनएसएस के डा. विक्रम सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।